छठ महापर्व के मौके पर परदेशियों की घर वापसी में किसी तरह की परेशानी ना हो इसके लिए रेलवे ने विशेष तैयारी की है।
न्यूज11 भारत/बिहार डेस्क
साकेत कुमार/पटना: छठ महापर्व के मौके पर परदेशियों की घर वापसी में किसी तरह की परेशानी ना हो इसके लिए रेलवे ने विशेष तैयारी की है। यात्रियों की सुविधा के लिए रेलवे 236 स्पेशल ट्रेनें चला रही है।
हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी छठ से पहले बिहार आने और पर्व के बाद वापस लौटने वाले यात्रियों की संख्या बढ़ी है।
पटना से दिल्ली और अन्य महानगरों की 10 प्रमुख ट्रेनों में 20 नवंबर तक नो रूम है। स्लीपर से AC तक ट्रेनों में लंबी वेटिंग है, तो कई ट्रेनों में 200 से 300 तक वेटिंग देखने को मिल रहा है।
जानकारी के अनुसार तेजस, राजधानी, संपूर्ण क्रांति, मगध, श्रमजीवी और विक्रमशिला जैसी ट्रेनों में सीटों का संकट है।
पूर्व मध्य रेल की तरफ से छठ पर्व के लिए 134 स्पेशल ट्रेनें चलाई जा रही हैं। इसके अलावा दूसरे रेलवे जोन की 102 ट्रेनें बिहार होकर गुजरेंगी। जबकि उत्तर बिहार के लिए करीब 80 और दक्षिण बिहार के लिए 54 स्पेशल ट्रेने चलाई जा रही हैं।
बता दें कि इन स्पेशल ट्रेनों का परिचालन आगामी 5 दिसंबर तक जारी रहेगा।
