Voice of Eastern India

मोहनिया में 50 हजार रिश्वत लेते नगर पंचायत जेई राजेश प्रजापति गिरफ्तार




मोहनिया जेई 50 हजार रिश्वत लेते गिरफ्तार


विशेष निगरानी इकाई की 12 सदस्यीय टीम ने की बड़ी कार्रवाई, लंबित बिल भुगतान के एवज में मांगी थी घूस

न्यूज़11 भारत 
मोहनिया/डेस्क:
विशेष निगरानी इकाई (विजिलेंस) की टीम ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए मोहनिया नगर पंचायत के एक कनीय अभियंता (जेई) राजेश प्रजापति को 50 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है. यह कार्रवाई शनिवार दोपहर करीब 3:30 बजे की गई.

इस संबंध में जानकारी देते हुए विजिलेंस के इंस्पेक्टर कुमार कुणाल सौरभ ने बताया कि परिवादी संजय कुमार ने विशेष निगरानी इकाई में एक लिखित शिकायत दर्ज कराई थी. शिकायत में उन्होंने उल्लेख किया था कि उनकी मां नगर पंचायत मोहनिया में संविदा पर कार्य करती हैं. उनके द्वारा नगर पंचायत क्षेत्र में कुछ विकास कार्य कराए गए थे. इनमें से कुछ कार्यों का भुगतान तो कनीय अभियंता द्वारा कर दिया गया था, लेकिन शेष कार्यों का बिल भुगतान लंबित रखा गया था.

आरोप है कि लंबित राशि के भुगतान के एवज में संबंधित जेई द्वारा लगातार 50 हजार रुपये रिश्वत की मांग की जा रही थी. परिवादी संजय कुमार रिश्वत नहीं देना चाहते थे, जिसके बाद उन्होंने 12 तारीख को विजिलेंस कार्यालय में आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई. शिकायत के सत्यापन के बाद मामला सही पाए जाने पर प्राथमिकी दर्ज की गई.

इसके पश्चात, विजिलेंस के इंस्पेक्टर कुमार कुणाल सौरभ के नेतृत्व में 12 सदस्यीय धावा दल का गठन किया गया. तय योजना के तहत टीम ने जाल बिछाया और दोपहर करीब 3:30 बजे जैसे ही जेई ने रिश्वत की राशि 50 हजार रुपये स्वीकार किए, टीम ने उन्हें दबोच लिया. गिरफ्तारी के समय वहां एक अन्य व्यक्ति भी बैठा हुआ था, लेकिन जांच में उसकी कोई संलिप्तता नहीं पाई गई. इस सफल छापेमारी दल में इंस्पेक्टर कुमार कुणाल सौरभ, सब-इंस्पेक्टर सोनू कुमार, त्रिपुरारी कुमार, संतोष कुमार, सिपाही नकुल कुमार और पीटीसी दिलीप कुमार सहित अन्य कर्मी शामिल थे. विजिलेंस की इस कार्रवाई से स्थानीय प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया है.





Source link

Leave A Reply

Your email address will not be published.