नवगछिया में पुरानी दुश्मनी का खूनी बदला! ज्योतिष कुमार हत्याकांड में तीन आरोपी गिरफ्तार, हथियार बरामद
ज्योतिष हत्याकांड में तीन आरोपी गिरफ्तार
कदवा हत्याकांड में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में पुरानी दुश्मनी हत्या की संभावित वजह सामने आई।
शंभू भगत/न्यूज़11 भारत
भागलपुर/डेस्क: नवगछिया पुलिस ने कदवा के चर्चित ज्योतिष कुमार हत्याकांड में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने उनके पास से एक देसी कट्टा और तीन कारतूस बरामद किए हैं. पुलिस के अनुसार, हत्या की वजह पुरानी दुश्मनी बताई जा रही है.
पुलिस के मुताबिक, 13 अक्टूबर को गोला टोला के पास ज्योतिष कुमार की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी. घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया था. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच के लिए एक विशेष टीम गठित की थी. विशेष टीम ने तकनीकी अनुसंधान और अन्य साक्ष्यों के आधार पर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया. पूछताछ के दौरान गिरफ्तार आरोपी पप्पू कुमार ने कथित तौर पर हत्या के पीछे पुरानी रंजिश की बात बताई.
पुलिस के अनुसार, पप्पू कुमार ने बताया कि उसके पिता की वर्ष 2000 में और भाई की वर्ष 2014 में हत्या हुई थी. पुलिस इस पुरानी दुश्मनी को ज्योतिष कुमार की हत्या की संभावित वजह मान रही है. हालांकि, पुलिस हत्याकांड में आरोपियों की भूमिका और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है. गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.
