न्यूज 11 भारत / पटना डेस्क : बिहार सरकार ने TRE-4 का नोटिफिकेशन जारी कर दिया है, लेकिन इसके बावजूद पटना के गर्दनीबाग में छात्रों का आंदोलन जारी है। छात्रों की मांग है कि TRE-4 में सिर्फ एक ही परीक्षा होनी चाहिए।
वे PT और Mains परीक्षा नहीं देना चाहते हैं। उनका कहना है कि सरकार को जो भी नया प्रयोग करना है, वह TRE-5 से करे। इसके अलावा अभ्यर्थी TRE-4 में डोमिसाइल पॉलिसी लागू करने की भी मांग कर रहे हैं।
इस बीच बिहार स्टूडेंट यूनियन की ओर से मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को पत्र लिखा गया है। इसमें TRE-4 में एकल परीक्षा कराने समेत कई मांगें रखी गई हैं। स्टूडेंट यूनियन ने CM को लिखे पत्र में कहा है-
TRE-4 के विज्ञापन को लेकर पिछले दो साल से शिक्षा विभाग और बिहार सरकार की ओर से आश्वासन दिया जा रहा है। 15 लाख से अधिक अभ्यर्थी काफी हताश, परेशान और निराश हैं। उनकी मांगें पूरी की जाएं।
TRE-4 और अन्य लंबित परीक्षाओं की मांग को लेकर छात्र कई दिनों से पटना के गर्दनीबाग में अनिश्चितकालीन ‘छात्र न्याय सत्याग्रह’ पर बैठे हैं। छात्र नेता दिलीप कुमार के नेतृत्व में बड़ी संख्या में छात्र सत्याग्रह कर रहे हैं।
छात्र नेता दिलीप के साथ सैकड़ो की संख्या में अभ्यर्थी रात भर गर्दनीबाग धरना स्थल पर ही रहेंगे। छात्र नेता दिलीप कुमार ने कहा कि जैसे ही आज हम लोगों ने प्रदर्शन की शुरुआत की तो TRE 4 का विज्ञापन जारी कर दिया गया।
इस विज्ञापन को लेकर मैं जेल भी गया, मेरे साथ वहां मारपीट की गई हमारी मांग अभी पूरी नहीं हुई है। विज्ञापन जारी हो गया है, लेकिन दो परीक्षा की बात कही गई है। TRE 4 में PT और MAINS की बात कही गई है। नेगेटिव मार्किंग कर दी गई है। जबकि TRE 1, 2 और 3 में ऐसा नहीं था। जो भी एक्सपेरिमेंट करना है वो TRE-5 से कीजिए।
PT और MAINS के नाम पर इसको 4 साल लटका दिया जायेगा। TRE-5 में जो भी बदलाव करना है, इसका नोटिस अभी जारी करिए, ताकि अभ्यर्थी उस तरह से उसकी तैयारी करें। BSSC की ओर से एग्जाम का डेट जल्द जारी होना चाहिए।
