न्यूज 11 भारत / बिहार डेस्क
राहुल कुमार / शेरघाटी: दिल्ली-कोलकाता को जोड़ने वाले व्यस्त राष्ट्रीय राजमार्ग-19 (एनएच-19) पर शुक्रवार की देर रात करीब 10 बजे एक भीषण सड़क हादसे में राजस्थान नंबर का ट्रक RJ32 GC 6753 बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। शेरघाटी थाना क्षेत्र के गोपालपुर में यह हादसा उस समय हुआ जब आगे चल रहे एक ट्रक का टायर अचानक फट गया और वह सड़क किनारे रुक गया। इसी दौरान पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने नियंत्रण खो दिया और खड़े ट्रक में पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। दुर्घटना इतनी भयावह थी कि ट्रक का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया तथा चालक केबिन में फंस गया।
खड़ी ट्रक में टक्कर
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टायर फटने के बाद आगे वाला ट्रक एनएच-19 पर ही खड़ा था। इसी बीच पीछे से आ रहे ट्रक RJ32 GC 6753 के चालक को संभलने का पर्याप्त मौका नहीं मिला और उसका वाहन सीधे खड़े ट्रक से टकरा गया। टक्कर की आवाज दूर तक सुनाई दी, जिसके बाद आसपास के लोग घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े।
केबिन में फंसा चालक
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, हाईवे पेट्रोलिंग टीम तथा एनएचएआई की आपातकालीन रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची। दुर्घटनाग्रस्त ट्रक का केबिन पूरी तरह पिचक जाने के कारण चालक अंदर बुरी तरह फंस गया था। चालक के दोनों पैर केबिन के लोहे के ढांचे में दब गए थे। रेस्क्यू टीम ने गैस कटर और अन्य उपकरणों की मदद से करीब एक घंटे तक राहत एवं बचाव अभियान चलाया। काफी मशक्कत के बाद चालक को सुरक्षित बाहर निकाला जा सका।
चालक ने रास्ते में तोड़ा दम
गंभीर रूप से घायल चालक को तत्काल एनएचएआई की एम्बुलेंस से अनुमंडलीय अस्पताल शेरघाटी पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसका प्राथमिक उपचार किया। स्थिति गंभीर देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए अनुग्रह नारायण मगध मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (एएनएमएमसीएच), गया रेफर कर दिया गया। हालांकि वहां ले जाते वक्त चालक की रास्ते में ही मौत हो गई।
एनएच-19 पर यातायात प्रभावित
हादसे के कारण कुछ समय के लिए एनएच-19 पर यातायात प्रभावित रहा। दुर्घटनाग्रस्त ट्रकों के सड़क पर खड़े रहने से वाहनों की लंबी कतार लग गई। बाद में पुलिस और हाईवे प्रबंधन की टीम ने क्रेन की सहायता से क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाया, जिसके बाद यातायात सामान्य हो सका। पुलिस मामले की जांच में जुटी है तथा घायल चालक की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।
