न्यूज 11 भारत/बिहार डेस्क
नमो नारायण मिश्रा/गोपालगंज: गोपालगंज के हथुआ स्थित सबेया परित्यक्त एयरफील्ड से जुड़ी रक्षा भूमि को अतिक्रमणमुक्त कराने की बड़ी कार्रवाई की गई है। जिला प्रशासन और रक्षा प्राधिकार की संयुक्त कार्रवाई में 259 एकड़ से अधिक रक्षा भूमि को कृषि अतिक्रमण से मुक्त कराया गया है। करीब 35 दिनों तक चले इस अभियान के बाद अतिक्रमणमुक्त जमीन का भौतिक कब्जा रक्षा प्राधिकार को सौंप दिया गया है। वहीं, भविष्य में दोबारा अतिक्रमण रोकने के लिए जमीन की सीमा पर सीमा-स्तंभ भी लगाए गए हैं।
बिहार सरकार के निर्देश के बाद गोपालगंज जिला प्रशासन ने सबेया एयरफील्ड की रक्षा भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराने के लिए अभियान चलाया। जिलाधिकारी समीर सौरभ के प्रशासनिक समन्वय में जिला प्रशासन और रक्षा प्राधिकार की संयुक्त टीम ने जमीन का सर्वेक्षण और सीमांकन कराया।
अभियान के दौरान सबेया एयरफील्ड की कुल 473 एकड़ से अधिक रक्षा भूमि का सर्वेक्षण किया गया। सर्वेक्षण के बाद जिन हिस्सों पर कृषि गतिविधियों के जरिए अतिक्रमण पाया गया, वहां कार्रवाई शुरू की गई।
करीब 35 दिनों तक चले अभियान में कुल 259.274936 एकड़ रक्षा भूमि को कृषि अतिक्रमण से मुक्त कराया गया। कार्रवाई पूरी होने के बाद अतिक्रमणमुक्त जमीन का भौतिक कब्जा विधिवत रक्षा प्राधिकार को सौंप दिया गया।
वहीं, जमीन की सीमाओं को स्थायी तौर पर चिह्नित करने के लिए मिलिट्री इंजीनियरिंग सर्विसेज यानी MES की ओर से सीमा-स्तंभ भी स्थापित किए गए हैं। प्रशासन का दावा है कि इससे रक्षा भूमि की पहचान और सुरक्षा सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी।
डीएम समीर सौरभ ने बताया कि सबेया एयरफील्ड भारत सरकार के रक्षा मंत्रालय के अधीन है और इसकी कुल भूमि करीब 473 एकड़ है। प्रशासन की कार्रवाई में अब तक 259 एकड़ से अधिक जमीन को अतिक्रमणमुक्त कराया जा चुका है।
डीएम के मुताबिक, अभी करीब 19.5 एकड़ जमीन पर अतिक्रमण बाकी है, जिसमें पक्के स्ट्रक्चर भी शामिल हैं। प्रशासन की ओर से इन अतिक्रमणों के खिलाफ भी कार्रवाई शुरू की जा रही है और जल्द ही शेष जमीन को भी अतिक्रमणमुक्त कराने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
प्रशासन का कहना है कि सबेया एयरफील्ड की रक्षा भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराने के साथ-साथ उसकी सीमाओं को स्पष्ट किया गया है। सीमा-स्तंभ लगाए जाने से भविष्य में दोबारा अतिक्रमण की स्थिति पर नजर रखने में भी मदद मिलेगी।
जिला प्रशासन ने साफ किया है कि सरकारी और रक्षा संपदा की जमीन की सुरक्षा को लेकर निगरानी आगे भी जारी रहेगी और शेष अतिक्रमण को हटाने की कार्रवाई नियमानुसार पूरी की जाएगी। सबेया एयरफील्ड की 259 एकड़ से अधिक रक्षा भूमि को अतिक्रमणमुक्त कर उसका भौतिक कब्जा रक्षा प्राधिकार को सौंपना जिला प्रशासन की महत्वपूर्ण कार्रवाई मानी जा रही है।
