Voice of Eastern India

पटना नगर निगम ने रचा इतिहास, म्यूनिसिपल बॉन्ड से जुटाए करीब 200 करोड़ रुपये



पटना के शहरी विकास को नई रफ्तार देने की दिशा में नगर निगम ने बड़ी उपलब्धि हासिल की है।

न्यूज11 भारत/पटना डेस्क: पटना के शहरी विकास को नई रफ्तार देने की दिशा में नगर निगम ने बड़ी उपलब्धि हासिल की है। पटना नगर निगम ने अपने पहले म्यूनिसिपल बॉन्ड के जरिए 199.99 करोड़ रुपये जुटाए हैं। खास बात यह है कि बिहार में पहली बार किसी नगर निकाय ने म्यूनिसिपल बॉन्ड जारी कर पूंजी बाजार से इतनी बड़ी राशि हासिल की है। शुक्रवार को नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) के प्लेटफॉर्म पर बॉन्ड की लिस्टिंग प्रक्रिया पूरी हुई। इस बॉन्ड पर निवेशकों को 9.20 प्रतिशत सालाना ब्याज मिलेगा।

नगर निगम ने बॉन्ड का आधार निर्गम आकार 100.03 करोड़ रुपये रखा था, लेकिन निवेशकों की ओर से जबरदस्त प्रतिक्रिया मिली। निगम को 205 करोड़ रुपये से अधिक की निवेश मांग प्राप्त हुई। बॉन्ड को इंडिया रेटिंग्स एंड रिसर्च ने ‘IND AA/Stable’ और एक्यूइट रेटिंग्स एंड रिसर्च ने ‘ACUITE AA/Stable’ रेटिंग दी है। यह नगर निगम की वित्तीय साख और दायित्वों को समय पर पूरा करने की क्षमता को दर्शाता है।

18 परियोजनाओं पर खर्च होगी राशि

म्यूनिसिपल बॉन्ड से प्राप्त राशि का इस्तेमाल पटना में आधारभूत सुविधाओं के विकास और व्यावसायिक क्षेत्रों को आधुनिक बनाने में किया जाएगा। इसके तहत शहर में 18 महत्वपूर्ण नागरिक सुविधाओं को विकसित करने की योजना है।

इसमें छोटे कारोबारियों के लिए 15 आधुनिक वेंडिंग जोन, दो मैरिज हॉल, एक पार्किंग स्थल, एक कमर्शियल कॉम्प्लेक्स, एक होटल और एक कम्युनिटी हॉल शामिल हैं। इसके अलावा पटना जंक्शन के आसपास के बाजारों को भी आधुनिक स्वरूप दिया जाएगा। इन बाजारों में अग्नि सुरक्षा, पार्किंग, स्वच्छता और पर्यावरण अनुकूल सुविधाओं पर विशेष जोर रहेगा।

मेयर सीता साहू ने बताया गौरव का क्षण

बॉन्ड की लिस्टिंग के अवसर पर नगर निगम मुख्यालय में मेयर सीता साहू की अध्यक्षता में विशेष बैठक आयोजित की गई। इसमें उप महापौर रेशमी चंद्रवंशी, नगर आयुक्त यशपाल मीणा, पार्षदों, सशक्त स्थायी समिति के सदस्यों और एनएसई के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया।

मेयर सीता साहू ने इस उपलब्धि को पटना नगर निगम के लिए गौरवपूर्ण बताते हुए इसे शहर के विकास के लिए नए वित्तीय विकल्पों की शुरुआत माना है।
 





Source link

Leave A Reply

Your email address will not be published.