Voice of Eastern India

वैशाली में विवाहिता को मारी गोली, हालत गंभीर



वैशाली के सदर थाना क्षेत्र के आदलपुर में बुधवार की सुबह करीब 10 बजे एक विवाहिता को गोली मारे जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है।

न्यूज11 भारत/बिहार डेस्क
विक्की कुमार/वैशाली:
वैशाली के सदर थाना क्षेत्र के आदलपुर में बुधवार की सुबह करीब 10 बजे एक विवाहिता को गोली मारे जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घायल महिला की पहचान दीवानी कुमारी के रूप में हुई है, जिसकी शादी सोनू राय से हुई है और वह आदलपुर में ही रहती है।

गोली लगने के बाद परिजन आनन-फानन में उसे इलाज के लिए सदर अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां से चिकित्सकों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया। फिलहाल पीड़िता इलाजरत है और उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।

घटना की सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने बताया कि परिजनों से पूछताछ में घटना स्थल को लेकर संदेह पैदा हो रहा है। कभी परिजन बता रहे हैं कि घर के बाहर गोली चली है, तो कभी बता रहे हैं कि दलान में गोली चली है, जबकि बाद में बताया कि घर के अंदर गोली लगी है। परिजनों के बयानों में विरोधाभास होने से पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है।

पुलिस अधिकारी ने बताया कि पीड़िता अभी कुछ बोलने की स्थिति में नहीं है और अपना बयान नहीं दे पाई है। गोली किस विवाद में और किसके द्वारा चलाई गई है, इसका अभी स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है।

फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और पीड़िता के होश में आने के बाद उसका फर्द बयान लेकर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

 





Source link

Leave A Reply

Your email address will not be published.