Voice of Eastern India

अनुमंडल कार्यालय में घुसने की कोशिश, बेहोश हुई प्रदर्शनकारी छात्रा 


न्यूज 11 भारत / बिहार डेस्क 
विष्णु कुमार गुप्ता / सुपौल:
सुपौल जिले के त्रिवेणीगंज में विभिन्न मांगों को लेकर शनिवार को छात्रों ने शांतिपूर्ण प्रोटेस्ट मार्च निकाला। बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं पैदल मार्च करते हुए मवेशी अस्पताल परिसर पहुंचे, जहां सभी एकजुट होकर अपनी मांगों के समर्थन में नारेबाजी करने लगे। प्रदर्शन के दौरान प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आया और पूरे घटनाक्रम पर ड्रोन कैमरे से निगरानी रखी गई।

प्रदर्शन आगे बढ़ते हुए अनुमंडल कार्यालय की ओर पहुंचा। इस दौरान कुछ छात्र अनुमंडल कार्यालय परिसर में प्रवेश करने का प्रयास करने लगे। स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने एहतियात के तौर पर कार्यालय का मुख्य द्वार बंद कर दिया। मौके पर बड़ी संख्या में पुलिस बल और प्रशासनिक अधिकारी तैनात रहे, जिन्होंने छात्रों को शांतिपूर्वक प्रदर्शन करने की अपील की। अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखते हुए किसी भी अप्रिय घटना से बचने के लिए आवश्यक कदम उठाए।

इसी बीच भीषण गर्मी के कारण प्रदर्शन में शामिल एक छात्रा अचानक बेहोश होकर सड़क पर गिर पड़ी। छात्रा के गिरते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई। साथी छात्रों और मौजूद लोगों ने तत्काल उसे संभाला और इलाज के लिए त्रिवेणीगंज अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार किया, जिसके बाद छात्रा की स्थिति में सुधार होने की जानकारी मिली। इस घटना के कारण कुछ देर के लिए प्रदर्शन की रफ्तार धीमी पड़ गई, लेकिन छात्रा के स्वास्थ्य में सुधार की सूचना मिलने के बाद छात्र फिर से प्रदर्शन में शामिल हो गए।

प्रदर्शन के दौरान छात्रों ने अपनी मांगों को लेकर प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की और संबंधित अधिकारियों को ज्ञापन सौंपने की बात कही। पूरे आंदोलन के दौरान प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रखी। ड्रोन कैमरे के माध्यम से भीड़ की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी गई, जबकि पुलिस बल संवेदनशील स्थानों पर तैनात रहा। समाचार लिखे जाने तक स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में थी और प्रदर्शन शांतिपूर्ण तरीके से जारी था।



Source link

Leave A Reply

Your email address will not be published.