न्यूज 11 भारत / पटना डेस्क : NEET पेपर लीक, केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे और लाठीचार्ज के खिलाफ छात्र संगठन AISA और राष्ट्रीय युवा आंदोलन (RYA) के बिहार बंद का असर दिखने लगा है। पटना गांधी मैदान के पास बड़ी संख्या में छात्र जुटे हैं। रामगुलाम चौक के पास प्रदर्शनकारी मोबाइल टावर पर चढ़ गए हैं।
छपरा में छात्रों ने उग्र प्रदर्शन करते हुए सरकारी बिल्डिंग में चढ़कर पोस्टर फाड़े। बैरिकेडिंग लेकर भागते नजर आए। बड़ी संख्या में प्रदर्शनकारी सड़क पर उतरे हैं, इस दौरान जज की गाड़ी भी फंसी दिखी। वहीं, सीवान में स्टूडेंट्स सड़क पर उतरे हैं, एक छात्र कॉकरोच के गेटअप में नजर आया। भड़काऊ पोस्ट को लेकर एक युवक को हिरासत में लिया गया है। बेगूसराय में पुलिस ड्रोन से निगरानी करती नजर आई।
मधेपुरा में सड़कों पर उतरे छात्रों ने जमकर नारेबाजी की, जिसके बाद उन्हें हिरासत में लिया गया। पटना के जेपी गोलंबर में जैसे ही छात्र प्रदर्शन के लिए जुटे, पुलिस ने उन्हें डिटेन कर लिया। इधर, दरभंगा रेलवे स्टेशन पर भी जवानों की तैनाती की गई है।
पटना में पुलिस लगातार पेट्रोलिंग कर रही है। डाकबंगला चौराहा, जेपी गोलंबर, करगिल चौक, कोतवाली टी-पॉइंट, इनकम टैक्स चौराहा, वीरचंद पटेल पथ, हाईकोर्ट, अशोक राजपथ, राजवंशी नगर मोड़, आशियाना और मुख्यमंत्री आवास के आसपास सुरक्षा बल मुस्तैद हैं।
सुरक्षा में 70 हजार जवान तैनात
बिहार बंद को देखते हुए पटना में पुलिस और प्रशासन को हाई अलर्ट पर रखा गया है। पूरे बिहार में 70 हजार जवानों की तैनाती की गई है। राज्य में पुलिसकर्मियों की छुट्टियां रद्द कर दी गई हैं। प्रदर्शन को देखते हुए पटना, औरंगाबाद समेत कई जिलों में स्कूल बंद कर दिए गए हैं।
स्थानीय पुलिस के साथ-साथ CISF, BSF, SSB और CRPF के जवानों को भी तैनात किया गया है। जेपी गोलंबर पर वाटर कैनन के साथ 200 जवान लगाए गए हैं।
विधानसभा और पटना जंक्शन परिसर की सुरक्षा भी कड़ी कर दी गई है। इसके साथ ही एयरपोर्ट, राजेंद्रनगर टर्मिनल, म्यूजियम सहित अन्य महत्वपूर्ण सार्वजनिक स्थानों की सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। बंद का राजद, कांग्रेस, वीआईपी और वामदलों का समर्थन मिला है।
हाईलाइट्स
- मुख्य सचिव ने कहा कि किसी भी असामाजिक तत्व को कानून हाथ में लेने की छूट बिल्कुल नहीं दी जाएगी।
- डीजी कुंदन कृष्णन ने कहा कि इस बार भी हिंसक और उपद्रवी तत्वों के पोस्टर जारी किए जाएंगे।
- पटना डीएम कुंदन कुमार ने कहा कि सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचा तो सख्त एक्शन लेंगे।
- NEET पेपर लीक को लेकर कांग्रेस भी आज बिहार के सभी जिलों में कैंडल मार्च निकालेगी।
- बिहार बंद को देखते हुए बेगूसराय, पटना और औरंगाबाद में स्कूल बंद किए गए हैं।
- 22 जुलाई की हिंसा को लेकर माले MLA संदीप सौरव, AISA प्रदेश अध्यक्ष धनंजय, सचिव दीपांकर मिश्रा समेत 19 लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है।
- बंद को राजद, कांग्रेस, वामदलों और वीआईपी ने भी अपना समर्थन दिया है।
- मुजफ्फरपुर में कल इंटरनेट बंद किया गया था। 6 घंटे बाद सेवा बहाल कर दी गई है।
- मधेपुरा में 20 से ज्यादा छात्रों को हिरासत में लिया गया।
- सीवान में कॉकरोच के गेटअप में पहुंचा छात्र।
