एमएलसी चुनाव की हलचल के बीच बीजेपी को लगा झटका, गोपालगंज के MLC गप्पू सिंह के खिलाफ कोर्ट से वारंट जारी
न्यूज 11 भारत / बिहार डेस्क: बिहार में विधान परिषद (Megalithic Council) की 10 सीटों पर होने वाले आगामी चुनाव को लेकर राज्य का सियासी पारा पहले से ही चढ़ा हुआ है। सभी राजनीतिक दल अपनी-अपनी रणनीति बनाने में जुटे हैं, लेकिन इसी बीच भारतीय जनता पार्टी (BJP) के खेमे से एक बड़ी खबर सामने आ रही है। गोपालगंज से भाजपा के सिटिंग एमएलसी राजीव कुमार सिंह उर्फ गप्पू सिंह की कानूनी मुश्किलें बढ़ गई हैं। जिला उपभोक्ता फोरम ने एक पुराने मामले में उनके खिलाफ जमानती वारंट (Bailable Warrant) जारी कर दिया है।
साल 2025 का है मामला, उपभोक्ता फोरम ने 31 जुलाई को किया तलब
यह पूरा विवाद करीब एक साल पुराना है। जिला उपभोक्ता फोरम में धर्मेंद्र कुमार गुप्ता बनाम राजीव सिंह (सप्लायर राजीव ट्रेड कंपनी प्राइवेट लिमिटेड) के बीच एक मुकदमा चल रहा है। इस मामले की गंभीरता को देखते हुए उपभोक्ता आयोग ने कड़ा रुख अपनाया है। कोर्ट ने आदेश जारी करते हुए भाजपा एमएलसी को आगामी 31 जुलाई 2026 को व्यक्तिगत रूप से अदालत में हाजिर होने का निर्देश दिया है। बता दें कि राजीव सिंह वर्तमान में बिहार कारा सुधार समिति के अध्यक्ष होने के साथ-साथ जेपी यूनिवर्सिटी के सिंडिकेट सदस्य भी हैं।
नई गाड़ी में आई खराबी और वारंटी पर टालमटोल बना वारंट की वजह
आखिर एक माननीय विधायक/एमएलसी के खिलाफ वारंट क्यों जारी हुआ, इसकी वजह एक गाड़ी से जुड़ी है। शिकायतकर्ता धर्मेंद्र कुमार गुप्ता ने एमएलसी राजीव सिंह के मालिकाना हक वाली कंपनी ‘राजीव ट्रेड कंपनी प्राइवेट लिमिटेड’ के शोरूम से एक चार पहिया वाहन खरीदा था। गाड़ी खरीदने के कुछ समय बाद ही उसमें तकनीकी खराबी आने लगी। वाहन के वारंटी पीरियड में होने के बावजूद शोरूम द्वारा उस खराबी को ठीक नहीं किया जा सका। परेशान होकर ग्राहक ने साल 2025 में उपभोक्ता फोरम का दरवाजा खटखटाया, जहां कोर्ट ने पहले ही ग्राहक के पक्ष में फैसला दे दिया था। अब उसी फैसले को पूरी तरह लागू कराने के लिए कोर्ट ने वारंट और नोटिस जारी किया है।
कई बड़ी कंपनियों की डीलरशिप: गोपालगंज और चंपारण के बड़े कारोबारी हैं गप्पू सिंह
राजीव सिंह उर्फ गप्पू सिंह की गिनती बिहार के बड़े और रसूखदार व्यवसायियों में होती है। राजनीति के साथ-साथ ऑटोमोबाइल और ज्वेलरी सेक्टर में उनका बड़ा साम्राज्य है। गोपालगंज में उनके पास मारुति सुजुकी और हीरो मोटोकॉर्प की मुख्य डीलरशिप है। इसके अलावा, राजधानी पटना में टाटा मोटर्स का शोरूम और चंपारण इलाके में देश के मशहूर ज्वेलरी ब्रांड ‘तनिष्क’ का भव्य शोरूम भी उन्हीं का है। ऐसे में चुनाव के मुहाने पर इतने बड़े कारोबारी और नेता के खिलाफ वारंट जारी होना विपक्षी दलों को बैठे-बिठाए एक मुद्दा दे गया है।
