न्यूज 11 भारत/बिहार डेस्क
शम्भू भगत/भागलपुर: भागलपुर के गौराडीह थाना क्षेत्र में पुलिस ने वाहन चेकिंग के दौरान बड़ी कार्रवाई करते हुए एक बोलेरो गाड़ी से 382.160 लीटर विदेशी शराब बरामद की है। पुलिस ने शराब के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
विधि व्यवस्था डीएसपी नवनीत कुमार ने बताया कि गौराडीह थाना के समीप पुलिस द्वारा वाहन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान एक बोलेरो गाड़ी पुलिस को देखकर भागने लगी। पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए बोलेरो का पीछा किया और उसे पकड़ लिया।
बोलेरो की तलाशी लेने पर उसमें भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद हुई। पुलिस ने मौके से शिव कुमार, निवासी पिलखी, थाना सकरा, जिला मुजफ्फरपुर को गिरफ्तार किया है। पुलिस अब गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ कर रही है कि शराब की खेप कहां से लाई गई थी और इसे कहां पहुंचाया जाना था। फिलहाल पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी है।
