Voice of Eastern India

जयनगर-जनकपुरधाम रेल सेवा आंशिक रूप से प्रभावित


न्यूज 11 भारत /  बिहार डेस्क 
शादाब अख्तर / मधुबनी:  
नेपाल के कोशी प्रांत के सुनसरी जिले में दो समुदायों के बीच हुई हिंसक झड़प के बाद उत्पन्न तनाव का असर अब जयनगर-जनकपुरधाम-बिजलपुरा रेलखंड पर भी देखने को मिल रहा है। जनकपुर, सिरहा, गोलबाजार एवं माड़र सहित कई क्षेत्रों में प्रदर्शन, कर्फ्यू और कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के कारण नेपाली रेलवे के परिचालन पर आंशिक प्रभाव पड़ा है।

गुरुवार की शाम जयनगर से खुलने वाली नेपाली ट्रेन का परिचालन केवल जनकपुरधाम तक ही किया गया। सुरक्षा कारणों से ट्रेन को जनकपुर से आगे कुर्था होते हुए बिजलपुरा तक नहीं भेजा गया और वहीं से वापस जयनगर लौटा दिया गया। इसके चलते यात्रियों को भी असुविधा का सामना करना पड़ा। 

नेपाली रेलवे के स्टेशन मास्टर एस.एल. मीणा ने बताया कि रेलवे के वरीय अधिकारियों के निर्देश पर एहतियात के तौर पर यह निर्णय लिया गया है। उन्होंने कहा कि सामान्य दिनों में परिचालन समाप्त होने के बाद नेपाली ट्रेन के दोनों रैक नेपाल के इनरवा रेलवे स्टेशन पर खड़े किए जाते हैं, लेकिन वर्तमान सुरक्षा स्थिति को देखते हुए दोनों रैक को जयनगर रेलवे स्टेशन पर ही रखा जाएगा। 

उन्होंने बताया कि शुक्रवार को सुरक्षा स्थिति की समीक्षा के बाद वरीय अधिकारियों के निर्देशानुसार ट्रेन परिचालन पर आगे का निर्णय लिया जाएगा। यदि हालात सामान्य रहे तो नियमित रूप से जयनगर-जनकपुरधाम-बिजलपुरा रेलखंड पर ट्रेनों का परिचालन बहाल कर दिया जाएगा। नेपाल में जारी तनाव का असर भारत-नेपाल सीमा से लगे क्षेत्रों पर भी पड़ रहा है। सीमावर्ती बाजारों में नेपाली नागरिकों की आवाजाही कम होने से व्यापार प्रभावित हुआ है, जबकि सुरक्षा एजेंसियां पूरे घटनाक्रम पर लगातार नजर बनाए हुए हैं।



Source link

Leave A Reply

Your email address will not be published.