Voice of Eastern India

जीविका दीदियों के लिए महिला हाट से लेकर रिवरफ्रंट वॉकवे की सुविधा


न्यूज 11 भारत / पटना डेस्क : पटना के सबसे प्रमुख पर्यटन स्थल ‘जेपी गंगा पथ’ यानी पटना मरीन ड्राइव को लेकर राज्य सरकार ने एक ऐतिहासिक और बेहद महत्वाकांक्षी फैसला लिया है। सरकार ने 6 किलोमीटर लंबे रिवरफ्रंट वॉकवे, साइकिल ट्रैक और हजारों वाहनों की पार्किंग जैसी कई महत्वाकांक्षी परियोजनाओं को मंजूरी देने का फैसला किया है। इसके साथ ही गंगा नदी के किनारे बने इस खूबसूरत कॉरिडोर पर अब एक भव्य ‘महिला हाट’ का निर्माण करने की योजना है। इस हाट की सबसे बड़ी खासियत यह होगी कि इसकी सभी दुकानें सिर्फ महिलाओं के लिए आवंटित की जाएंगी। इस कदम से न सिर्फ पटना में पर्यटन कोनया आयाम मिलेगा, बल्कि महिला सशक्तिकरण और आत्मनिर्भरता को भी जमीनी स्तर पर एक बड़ा बढ़ावा मिलेगा।

जीविका दीदियों के लिए रिजर्व होगा बड़ा हिस्सा

इस महिला हाट का मुख्य उद्देश्य बिहार की ग्रामीण और शहरी महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना है। सरकार ने फैसला लिया है कि इस हाट के व्यावसायिक क्षेत्र का एक बहुत बड़ा हिस्सा राज्य की प्रसिद्ध ‘जीविका दीदियों’ के लिए रिजर्व रखा जाएगा। इसके माध्यम से बिहार के स्थानीय हस्तशिल्प, पारंपरिक व्यंजन, खादी उत्पाद और घरेलू सामानों को सीधे पर्यटकों तक पहुँचाने के लिए एक वैश्विक मंच मिल जाएगा। इससे हजारों महिलाओं के लिए रोजगार और आमदनी के रास्ते भी खुलेंग।

6 किलोमीटर लंबा बनेगा पैदल पथ

पर्यटकों को गंगा के किनारे टहलने और प्राकृतिक सुंदरता का आनंद लेने के लिए जेपी गंगा पथ पर 6 किलोमीटर लंबा एक विशेष पैदल पथ (पेडेस्ट्रियन ट्रैक) का निर्माण किया जाएगा। यह पैदल पथ आधुनिक सुविधाओं, आकर्षक लाइटिंग और बैठने की उत्तम व्यवस्था से लैस रहेगा। शाम के समय पटनावासी और बाहर से आने वाले पर्यटक यहां बिना किसी यातायात बाधा के शांति से वॉक कर सकेंगे और गंगा आरती व नदी के सुंदर दृश्यों का लुत्फ उठा सकेंगे।

बनेगा विशाल पार्किंग जोन

मरीन ड्राइव पर हर शाम उमड़ने वाली भीड़ और ट्रैफिक जाम की समस्या को दूर करने के लिए एक विशाल पार्किंग जोन बनाया जाएगा। इस योजना के तहत 4 हजार चार पहिया वाहनों (कार) को पार्क करने के लिए आधुनिक पार्किंग सुविधा मिलेगी। इसके साथ ही, दो पहिया वाहनों के लिए भी बड़ी व्यवस्था की जा रही है, जिसके तहत 13 हजार दो पहिया वाहन एक साथ खड़े किए जा सकते हैं। 

बनेगा शानदार साइकिल ट्रैक

पर्यावरण संरक्षण और फिटनेस को बढ़ावा देने के लिए जेपी सेतु पर एक विशेष साइकिल ट्रैक का भी निर्माण किया जाएगा। सुबह और शाम के वक्त लोग सुरक्षित माहौल में गंगा नदी के ऊपर बने इस ट्रैक पर साइक्लिंग का आनंद ले सकेंगे। 
 



Source link

Leave A Reply

Your email address will not be published.