न्यूज 11 भारत / पटना डेस्क : पटना के बेली रोड पर मेट्रो के कारण आज से गाड़ियों की आवाजाही पर लगने वाली रोक अनिश्चितकाल के लिए टाल दी गई है। आज से बेली रोड के एक लेन को बंद किया जाना था लेकिन बरसात के कारण ये फैसला स्थगित कर दिया गया है। सबसे पहले मेट्रो के पुराने जितने भी प्रोजेक्ट हैं, जहां निर्माण कार्य को अंतिम रूप दिया जाना है उसे पूरा किया जाएगा। फिर बेली रोड पर अंडरग्राउंड निर्माण कार्य होगा और उसी अनुसार यातायात में बदलाव किया जाएगा।
5 जगहों पर जारी भूमिगत काम
मिली जानकारी के अनुसार, बेली रोड पर अभी जिन इलाकों में मेट्रो निर्माण कार्य चल रहा है, वह जारी रहेगा लेकिन वाहनों का परिचालन बाधित नहीं रहेगा। अभी बेली रोड पर इनकम टैक्स गोलंबर से चिड़ियाखाना 5 जगहों पर भूमिगत काम जारी है। इसको लेकर घेराबंदी भी कर दी गई है, लेकिन दोनों लेन में वाहनों का परिचालन जारी है। एक लेन बंद होने के बाद शहर की 5 सड़कों पर वाहनों का दबाव अधिक हो जाता। ऐसे में मानसून में लोगों को परेशानी हो सकती है।
3 सालों तक गाड़ियों पर रहती रोक
चिड़ियाघर के गेट नंबर 1 से इनकम टैक्स गोलंबर तक 3 वर्षों तक ऑटो, ई-रिक्शा और बसों के परिचालन पर रोक लगने वाली थी। इसके पहले फेज में चिड़ियाघर के गेट नंबर एक से विकास भवन तक रोक रहती। इसके बाद दो-तीन महीने बाद दूसरे फेज में विकास भवन से इनकम टैक्स गोलंबर तक रोक बढ़ाई जाती। इससे पहले 21 और 22 जून को ही ट्रायल होना था मगर नीट परीक्षा की वजह से इसे टाल दिया गया क्योंकि इस मार्ग पर बड़ी संख्या में परीक्षा केंद्र थे।
