मोकामा की पूर्व विधायक और अनंत सिंह की पत्नी नीलम देवी पर जेडीयू ने एक और कार्रवाई की है।
न्यूज11 भारत/बिहार डेस्क
अश्मित सिन्हा/पटना: जनता दल (यूनाइटेड) ने अब अनंत सिंह की पत्नी नीलम देवी बड़ा ऐक्शन लिया है। मोकामा की पूर्व विधायक नीलम देवी को अब 20 सूत्री कार्यक्रम कार्यान्वयन समिति से भी हटाया गया है। इससे पहले जदयू ने उन्हें दलविरोधी गतिविधियों के आरोप में पार्टी से निष्कासित कर दिया था। जानकारी मिली है कि जेडीयू के अनुशंसा पर यह कार्रवाई की गई है। नीलम देवी को 20 सूत्री सदस्य कमेटी से हटाए जाने के बाद उनसे राज्य मंत्री का दर्जा भी छिन गया है।
इससे पहले जनता दल (यूनाइटेड) ने कथित पार्टी विरोधी गतिविधियों को लेकर शनिवार को मोकामा के विधायक अनंत सिंह और उनकी पत्नी नीलम देवी (पूर्व विधायक) को छह साल के लिए निष्कासित कर दिया था। मोकामा में ‘छोटे सरकार’ के नाम से पहचाने जाने वाले अनंत सिंह ने 2022 में अपनी पत्नी नीलम देवी को राजनीतिक विरासत सौंपी थी। उस समय यूएपीए के एक मामले में दोषी ठहराए जाने के कारण उनकी विधानसभा सदस्यता समाप्त हो गई थी।
राष्ट्रीय जनता दल (राजद) ने 2020 में उन्हें और दो साल बाद हुए उपचुनाव में उनकी पत्नी को टिकट दिया था। हालांकि, नीलम देवी 2024 में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) में शामिल हो गईं। बताया जाता है कि उन्होंने यह कदम कथित तौर पर अपने पति की सहमति से उठाया था। जानकारी के मुताबिक, मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी द्वारा पुनर्गठित ‘राज्य स्तरीय कार्यक्रम कार्यान्वयन समिति’ में सदस्य बनाए जाने के बाद उन्हें राज्य मंत्री का दर्जा हासिल हुआ था। लेकिन अब यह दर्जा खत्म हो चुका है।
