न्यूज 11 भारत/बिहार डेस्क:
राहुल कुमार/शेरघाटी: वन विभाग ने अवैध रूप से संचालित आरा मिलों के खिलाफ अभियान तेज करते हुए विभिन्न थाना क्षेत्रों में एक साथ पांच अवैध आरा मिलों पर कार्रवाई की। वन विभाग की टीम ने कार्रवाई के दौरान आरा मिलों में लगी मशीनों को मौके से उखाड़कर जब्त कर लिया। इसके साथ ही मिल परिसर में रखी गई लकड़ियों को भी जब्त किया गया। वन विभाग की इस कार्रवाई के बाद अवैध आरा मिल संचालकों में हड़कंप मचा हुआ है।
जानकारी के अनुसार, वन विभाग की टीम ने रौशनगंज थाना क्षेत्र के लेम्बुआ गांव में दो अवैध आरा मिलों पर कार्रवाई की। टीम ने दोनों स्थानों पर पहुंचकर मिल में लगी मशीनों को हटाकर अपने कब्जे में लिया। मिल परिसर में रखी लकड़ियों की भी जांच की गई और अवैध रूप से रखी गई लकड़ी को जब्त किया गया।
इसी क्रम में टंडवा पंचायत के बिच्छखापी गांव में भी एक अवैध आरा मिल के खिलाफ कार्रवाई की गई। यहां भी वन विभाग की टीम ने मिल में लगी मशीन को उखाड़कर जब्त किया। इसके अलावा मिल परिसर में मौजूद लकड़ियों को भी जब्ती सूची में शामिल किया गया।
वहीं, बांकेबाजार थाना क्षेत्र में भी वन विभाग ने दो स्थानों पर कार्रवाई की। तिलैया पंचायत के डिगुरिया गांव में संचालित अवैध आरा मिल तथा फतेहपुर गांव में चल रहे आरा मिल के खिलाफ कार्रवाई की गई। दोनों स्थानों पर टीम ने मशीनों को जब्त करने के साथ लकड़ी भी कब्जे में ली।
बताया जाता है कि वन विभाग को क्षेत्र में बिना वैध अनुमति के आरा मिल संचालित किए जाने की सूचना मिल रही थी। इसके बाद विभाग की टीम ने अलग-अलग स्थानों की जांच कर कार्रवाई की। विभाग की कार्रवाई के दौरान टीम ने आरा मिल संचालकों से संबंधित दस्तावेजों की भी जानकारी ली। वैध कागजात नहीं मिलने पर मशीनों को जब्त कर लिया गया।
फॉरेस्टर नितीकेश कुमार ने बताया कि क्षेत्र में अवैध रूप से संचालित आरा मिलों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। वन विभाग की टीम द्वारा जांच के दौरान पांच अवैध आरा मिलों पर कार्रवाई की गई है। कार्रवाई के दौरान मिलों में लगी मशीनों को उखाड़कर जब्त किया गया है तथा मौके पर रखी लकड़ियों को भी कब्जे में लिया गया है। उन्होंने कहा कि बिना वैध अनुमति के आरा मिल संचालित करने वालों के खिलाफ वन अधिनियम के तहत नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने बताया कि जंगल एवं वन संपदा की सुरक्षा को लेकर विभाग गंभीर है। अवैध तरीके से लकड़ी का कारोबार करने वालों और बिना अनुमति आरा मिल संचालित करने वालों पर विभाग की नजर है। ऐसे लोगों के खिलाफ आगे भी अभियान जारी रहेगा। वन विभाग की टीम क्षेत्र में लगातार निगरानी कर रही है।
वन विभाग की इस कार्रवाई के बाद अवैध आरा मिल संचालकों के बीच हड़कंप की स्थिति है। विभाग के अधिकारियों का कहना है कि अवैध गतिविधियों की सूचना मिलने पर आगे भी इसी तरह कार्रवाई की जाएगी।
