न्यूज 11 भारत / बिहार डेस्क
पूजा शर्मा / पटना : जन सुराज के वरिष्ठ नेता अभिनाश प्रताप रूडी और रूबी सिंह ने शनिवार को भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) का दामन थाम लिया है। दोनों नेताओं के बीजेपी में शामिल होने को बांकीपुर उपचुनाव से पहले जन सुराज के लिए बड़ा राजनीतिक झटका माना जा रहा है। जबकि बीजेपी ने इसे संगठन की मजबूती बताया है।
प्रशांत किशोर पर तीखा हमला
इस दिन बीजेपी में शामिल होने के बाद अभिनाश प्रताप रूडी ने प्रशांत किशोर पर तीखा हमला बोला। उन्होंने प्रशांत किशोर को “देश का सबसे बड़ा चीटर” बताया। रूडी ने कहा कि जो व्यक्ति दो घंटे की सलाह के लिए करोड़ों रुपये लेता हो, वह समाज सेवा नहीं कर सकता। साथ ही दावा किया कि जन सुराज के अधिकांश कार्यकर्ता पार्टी छोड़ चुके हैं और बांकीपुर उपचुनाव के बाद पार्टी की स्थिति और कमजोर होगी।अभिनाश प्रताप रूडी ने दावा किया कि जन सुराज के लगभग 80 प्रतिशत कार्यकर्ता पार्टी छोड़ चुके हैं और बांकीपुर उपचुनाव के बाद प्रशांत किशोर बिहार छोड़ देंगे।
रूबी सिंह का जनसुराज पर निशाना
बीजेपी में शामिल होने के बाद रूबी सिंह ने जन सुराज पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि जन सुराज जनता का नहीं, बल्कि “अपना सुराज” बनाने में लगी है। रूबी सिंह ने कहा कि पार्टी जो कहती थी, उसका उल्टा करती थी। इसी वजह से उन्होंने जन सुराज छोड़कर बीजेपी का दामन थामा है। बता दें कि इससे पहले भी जनसुराज के कई दिग्गजों ने भाजपा का दामन थामा था।
