Voice of Eastern India

बिहार की दो शिक्षिकाओं को मिलेगा राष्ट्रीय पुरस्कार, राष्ट्रपति प्रदान करेंगी सम्मान 


न्यूज 11 भारत/बिहार डेस्क
पूजा शर्मा/पटना:
राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार-2026 के लिए बिहार की दो महिला शिक्षिकाओं का चयन हुआ है। राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार की सूची में गोपालगंज और बांका की शिक्षिकाओं को जगह मिली है। दोनों के चयन पर बिहार के शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने खुशी जताते हुए उन्हें बधाई और शुभकामनाएं दी हैं।

राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार-2026 के लिए गोपालगंज जिले के कुचायकोट स्थित राजकीय कन्या मध्य विद्यालय की शिक्षिका पुष्पा प्रसाद का चयन किया गया है। शिक्षा के क्षेत्र में उनके कार्य और योगदान को देखते हुए उन्हें राष्ट्रीय स्तर के इस प्रतिष्ठित पुरस्कार के लिए चुना गया है।

वहीं, बांका जिले के बिदायडीह स्थित उर्दू प्राथमिक विद्यालय की शिक्षिका खुशबू कुमारी को भी राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार-2026 के लिए चयनित किया गया है। उनके चयन से बांका सहित पूरे बिहार में खुशी का माहौल है।

शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने दोनों शिक्षिकाओं के चयन पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा, ‘राष्ट्रीय स्तर पर बिहार की दो महिला शिक्षकों का चयन पूरे प्रदेश के लिए गौरव का विषय है।’ उन्होंने कहा, ‘बिहार के शिक्षक लगातार अपने उत्कृष्ट कार्यों के माध्यम से राज्य का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन कर रहे हैं।’

उन्होंने दोनों शिक्षिकाओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि वे आगे भी शिक्षा के क्षेत्र में इसी तरह बेहतर काम करती रहें। दोनों शिक्षिकाओं का सम्मान और उनकी उपलब्धियां बिहार के अन्य शिक्षकों को भी बेहतर कार्य करने के लिए प्रेरित करेंगी।



Source link

Leave A Reply

Your email address will not be published.