न्यूज 11 भारत / पटना डेस्क: बिहार के समस्तीपुर जिले में ASI बबलू कुमार प्रसाद (50) की थाने में संदिग्ध हालत में मौत हो गई। उनका शव शनिवार सुबह थाने के तीसरे फ्लोर पर कमरे में फंदे से लटका हुआ मिला। घटना मोहिउद्दीन नगर थाना क्षेत्र की है। बबलू कुमार प्रसाद डायल-112 में सहायक अवर निरीक्षक की पोस्ट पर थे।
विभिन्न पहलुओं से जांच जारी
घटना के कारणों का अभी तक खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस आत्महत्या समेत सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए समस्तीपुर सदर अस्पताल भेजा गया है। पुलिस के अनुसार यह मामला डिप्रेशन का लग रहा है। बबलू प्रसाद ज्यादातर अकेले ही रहते थे। साथी पुलिस वालों से भी कम ही बात करते थे।
समस्तीपुर में अकेले रहते थे एएसआई
मिली जानकारी के अनुसार, ASI बबलू कुमार प्रसाद मूल रूप से पश्चिम चंपारण जिले के बगहा के रहने वाले थे। परिवार वहीं रहता है। समस्तीपुर में वो अकेले ही रहते थे। थाना भवन के तीसरी मंजिल पर जिस कमरे से ASI का शव मिला, वो खाली पड़ा है। शनिवार सुबह साथी पुलिस वालों ने शव देखा। इसके बाद अधिकारियों को सूचना दी गई है।
112 नंबर पर तैनात थे मृतक
सूचना मिलते ही पटोरी के एसडीपीओ वीरेंद्र कुमार मेधावी और सर्किल इंस्पेक्टर पवन कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। बबलू प्रसाद पिछले ढाई साल से मोहिउद्दीन नगर में 112 नंबर पर तैनात थे। हाल ही में इनका ट्रांसफर जिले के कल्याणपुर में डायल-112 पर हुआ था। हालांकि अभी इन्होंने कल्याणपुर में योगदान नहीं दिया था। कुछ दिन पहले ही अपने घर बगहा से छुट्टी से वापस लौटे थे। फोरेंसिक विभाग की टीम भी मामले की जांच में जुटी है।
