न्यूज 11 भारत / बिहार डेस्क
अभिषेक राज / गया जी: बोधगया में म्यांमार के राष्ट्रपति के प्रस्तावित दौरे को लेकर प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। अंतरराष्ट्रीय महत्व के इस दौरे को देखते हुए जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन द्वारा सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। शहर के प्रमुख इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है, जबकि महाबोधि मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों की लगातार निगरानी की जा रही है।
कई रूटों पर ट्रैफिक प्रतिबंध
प्रशासन की ओर से 30 मई को बोधगया के कई प्रमुख मार्गों पर ट्रैफिक प्रतिबंध लागू करने का निर्णय लिया गया है। वीवीआईपी मूवमेंट को ध्यान में रखते हुए वाहनों के आवागमन के लिए वैकल्पिक रूट निर्धारित किए गए हैं। आम लोगों से अपील की गई है कि वे निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन करें और अनावश्यक रूप से प्रतिबंधित क्षेत्रों में जाने से बचें।
संवेदनशील इलाके नो-ड्रोन जोन घोषित
सुरक्षा एजेंसियों ने महाबोधि मंदिर समेत आसपास के संवेदनशील इलाकों को नो-ड्रोन जोन घोषित किया है। बिना अनुमति ड्रोन उड़ाने पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई है। होटल, गेस्ट हाउस और सार्वजनिक स्थलों पर भी विशेष जांच अभियान चलाया जा रहा है।
सुरक्षा को लेकर सतर्कता
प्रशासन का कहना है कि राष्ट्रपति के दौरे को शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से संपन्न कराने के लिए हर स्तर पर तैयारी पूरी कर ली गई है। वहीं, बोधगया में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर स्थानीय लोगों और पर्यटकों के बीच भी काफी सतर्कता देखी जा रही है।
