Voice of Eastern India

बिहार में बेखौफ अपराधियों का आतंक, युवक को घर में घुसकर मारी गोली


न्यूज 11 भारत / बिहार न्यूज
अफरोज आलम / समस्तीपुर:
बिहार के समस्तीपुर में अपराधियों का तांडव इस कदर बढ़ गया है कि आए दिन दिनदहाड़े गोलीबारी की घटना को अंजाम दिया जाता है। एक तरफ सम्राट की सरकार अपराधियों के एनकाउंटर करने में लगी हुई है तो दूसरी तरफ अपराधी इससे बिना डरे बेखौफ दिनदहाड़े घटना को अंजाम देते नजर आ रहे हैं। 

दिनदहाड़े हत्या 

ताजा मामला समस्तीपुर जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र से है जहां दादपुर गांव में अपराधियों ने दिनदहाड़े घर में घुसकर एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई और परिजनों में कोहराम मच गया। मृत युवक की पहचान सूरज कुमार के रूप में हुई है।

पुरानी रंजिश में चली गोली

परिजनों के अनुसार, पूर्व से चल रहे आपसी रंजिश को लेकर इस वारदात को अंजाम दिया गया। आरोप है कि युवक के पटीदार एवं चचेरे भाई ने ही घर में घुसकर गोली चलाई, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। गंभीर रूप से घायल सूरज कुमार को आनन-फानन में सदर अस्पताल लाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। 

मामले की जांच में जुटी पुलिस 

घटना ऐसे इलाके में हुई है जो जदयू विधायक का क्षेत्र माना जाता है। लगातार बढ़ती आपराधिक घटनाओं ने पुलिस की कार्यशैली और कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि अपराधियों में पुलिस का खौफ समाप्त होता दिख रहा है। फिलहाल मुफस्सिल थाना पुलिस मौके पर पहुंचकर मामले की जांच में जुट गई है। पुलिस आपसी विवाद और रंजिश के हर एक बिंदुओं पर जांच कर रही है तथा आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी गई है।



Source link

Leave A Reply

Your email address will not be published.