न्यूज 11 भारत / पटना डेस्क: 26 मई की शाम बांका के रूपशा और पत्तीचक गांव के बीच बाइक सवार अपराधियों ने अमरपुर से जमीन रजिस्ट्री कर लौट रहे प्रॉपर्टी डीलर मिथिलेश यादव और उनके साथी कुंदन चौधरी पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी थी। घटना में दो गोली लगने से मिथिलेश यादव की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि भागने के दौरान कुंदन चौधरी को भी गोली लगी और वह गंभीर रूप से घायल हो गए। उनका इलाज भागलपुर के मायागंज अस्पताल में चल रहा है।
विशेष टीम का हुआ था गठन
घटना के बाद इसकी जांच के लिए पुलिस अधीक्षक उपेंद्रनाथ वर्मा के निर्देश पर विशेष टीम का गठन किया गया। वैज्ञानिक और तकनीकी अनुसंधान के आधार पर पुलिस ने इस मामल में त्वरित कार्रवाई करते हुए पांच अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया।
जमीन खरीद-बिक्री को लेकर वारदात
पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि जमीन खरीद-बिक्री में पैसों के विवाद को लेकर पहले से हत्या की साजिश रची गई थी। वारदात को अंजाम देने के लिए शूटर को सुपारी दी गई थी। पुलिस के अनुसार लाइनर, सुपारी देने वाले और घटना में शामिल कई लोगों की भूमिका सामने आई है।
मुख्य शूटर की तलाश जारी
गिरफ्तार आरोपियों ने पूछताछ में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली है। वहीं फरार मुख्य शूटर की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस ने गिरफ्तार सभी आरोपियों को जेल भेज दिया है। मामले में आगे की जांच और बाकी अपराधियों की तलाश जारी है।
