गोपालगंज में गंडक नदी पर बने मंगलपुर-विशुनपुरा पुल से सफर करने वाले लोगों की परेशानी बढ़ने वाली है।
गोपालगंज के डीएम समीर सौरभ
न्यूज11 भारत/बिहार डेस्क
नमो नारायण मिश्रा/गोपालगंज: गोपालगंज में गंडक नदी पर बने मंगलपुर-विशुनपुरा पुल से सफर करने वाले लोगों की परेशानी बढ़ने वाली है। पुल की मरम्मत को लेकर अगले 45 दिनों तक इस पुल पर सभी प्रकार के वाहनों का परिचालन बंद कर दिया गया है। जिलाधिकारी समीर सौरभ ने 10 नवंबर से 24 दिसंबर 2026 तक यातायात प्रतिबंधित रखने का आदेश जारी किया है। इस दौरान दोपहिया से लेकर चारपहिया और भारी वाहनों तक को पुल से गुजरने की अनुमति नहीं होगी।
दरअसल, मंगलपुर-विशुनपुरा पुल की संरचनात्मक मजबूती और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने इसकी विशेष मरम्मत कराने का फैसला लिया है। मरम्मत के दौरान पुल के बेयरिंग सहित कई महत्वपूर्ण हिस्सों की मरम्मत और रखरखाव किया जाएगा। लगातार भारी वाहनों के परिचालन से पुल पर बढ़ते दबाव को देखते हुए यह कदम उठाया गया है।
जिलाधिकारी समीर सौरभ ने बताया कि निर्धारित समय-सीमा के भीतर मरम्मत कार्य पूरा कराने का लक्ष्य रखा गया है, ताकि पुल की मजबूती बढ़ाई जा सके और भविष्य में किसी तरह की दुर्घटना की आशंका को कम किया जा सके।
पुल बंद रहने के दौरान गोपालगंज से महम्मदपुर, खजुरिया होते हुए पीपराकोठी जाने वाले मार्ग को वैकल्पिक रास्ते के रूप में निर्धारित किया गया है। वाहन चालक इस मार्ग का इस्तेमाल कर अपने गंतव्य तक पहुंच सकेंगे।
वहीं, वैकल्पिक मार्गों पर जाम की समस्या से निपटने के लिए पर्याप्त संख्या में पुलिस बल और यातायात कर्मियों की तैनाती की जाएगी। जिला प्रशासन ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे घर से निकलने से पहले मार्ग परिवर्तन की जानकारी जरूर प्राप्त कर लें और निर्धारित डायवर्जन का पालन करें।
प्रशासन का कहना है कि मरम्मत कार्य पूरा होने के बाद 24 दिसंबर तक प्रतिबंध की निर्धारित अवधि समाप्त होने पर पुल पर यातायात बहाल करने की योजना है।
