Voice of Eastern India

मुजफ्फरपुर में एक साल की दुश्मनी का खूनी अंजाम, बहस के बाद सीधे चला दीं गोलियां


न्यूज 11 भारत / पटना डेस्क( चंद्र प्रकाश, मुजफ्फरपुर) मुजफ्फरपुर जिला के मीनापुर थाना क्षेत्र के राघोपुर जानकी स्थान के समीप आपसी रंजिश को लेकर दो पक्षों के बीच गंभीर झड़प हो गई। इस हिंसक विवाद के दौरान हुई फायरिंग में स्थानीय युवक अजीत कुमार को गोली लग गई। आनन-फानन में परिजनों ने खून से लथपथ अजीत को इलाज के लिए बैरिया स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया है, जहां उसकी स्थिति बेहद नाजुक बनी हुई है।

कहासुनी से शुरू हुआ विवाद और गूंज उठीं गोलियां

घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि पीड़ित अजीत कुमार और उनके पाटीदार (रिश्तेदारों) के बीच पिछले एक वर्ष से पुराना विवाद चल रहा था। इसी रंजिश को लेकर आज दोनों पक्ष अचानक आमने-सामने हो गए। देखते ही देखते दोनों के बीच तीखी बहस शुरू हो गई और मामला हिंसक झड़प में बदल गया। इसी बीच एक पक्ष की तरफ से हथियार निकालकर फायरिंग कर दी गई, जिससे इलाके में हड़कंप और अफरा-तफरी मच गई।

पुलिस की त्वरित कार्रवाई: 5 लोग हिरासत में, FSL टीम जांच में जुटी

वारदात की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मुआयना कर स्थानीय लोगों से पूछताछ की। मामले की गंभीरता को देखते हुए साक्ष्य जुटाने के लिए FSL (विधि विज्ञान प्रयोगशाला) की टीम को भी मौके पर बुलाया गया है। पुलिस ने घटनास्थल से दो खोखे बरामद किए हैं।

डीएसपी पूर्वी का बयान: “मीनापुर के राघोपुर में गोली चलने की सूचना मिली थी। सत्यापन के दौरान पता चला है कि अजीत कुमार नामक युवक जख्मी हुए हैं। इस कांड में दोनों पक्ष आपस में रिश्तेदार हैं। मौके से दो खोखा बरामद किया गया है और मामले की जांच के लिए FSL की टीम को बुलाया गया है। त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने इस कांड में शामिल कुल 5 लोगों को हिरासत (डिटेन) में लिया है। प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।”



Source link

Leave A Reply

Your email address will not be published.