किऊल-गया रेलखंड स्थित शेखपुरा जंक्शन के रेलवे फाटक संख्या 4 पर एक दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है।
न्यूज11 भारत/बिहार डेस्क
रंजन कुमार/शेखपुरा: किऊल-गया रेलखंड स्थित शेखपुरा जंक्शन के रेलवे फाटक संख्या 4 पर एक दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। यहाँ ट्रेन की चपेट में आने से एक 65 वर्षीय बुजुर्ग की मौके पर ही मौत हो गई।
बाजार करने आ रहे थे बुजुर्ग
मृतक की पहचान अरियरी थाना क्षेत्र के सहसरामा गांव निवासी मौजी बिन्द (65) के रूप में हुई है। मिली जानकारी के अनुसार, मौजी बिन्द किसी काम से शेखपुरा बाजार खरीदारी करने आ रहे थे। इसी दौरान जब वे रेलवे फाटक के समीप रेलवे ट्रैक पार कर रहे थे तभी जमालपुर-गया फास्ट पैसेंजर ट्रेन आ गई और वे उसकी चपेट में आ गए।
ट्रेन से जोरदार टक्कर लगने के कारण उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की डायल 112 टीम और जीआरपी पुलिस तुरंत मौके पर पहुँची। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर कागजी कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए शेखपुरा सदर अस्पताल भेज दिया है।
इस दर्दनाक घटना की खबर बुजुर्ग के गाँव और परिजनों तक पहुँची तो परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस मामले की आगे की जांच में जुट गई है।
