Voice of Eastern India

सिंगापुर से पटना जू आएंगे दो सींग वाले सफेद गैंडे, पर्यटकों को मिलेगा नया आकर्षण


न्यूज 11 भारत / बिहार डेस्क 

पटना –  Sanjay Gandhi Biological Park आने वाले दिनों में पर्यटकों के लिए और भी खास बनने वाला है। जानकारी के अनुसार, पटना जू में पहली बार विदेशी प्रजाति के दो सींग वाले सफेद गैंडों को लाने की तैयारी की जा रही है। इसको लेकर सिंगापुर के जू प्रशासन के साथ बातचीत अंतिम चरण में पहुंच चुकी है। पूरी प्रक्रिया एनिमल एक्सचेंज प्रोग्राम के तहत पूरी की जाएगी, जिससे दोनों देशों के जू को नई प्रजातियों का संरक्षण और प्रदर्शन करने का मौका मिलेगा।

पटना से सिंगापुर जाएंगे भारतीय गैंडे

योजना के तहत सिंगापुर से सफेद गैंडों का एक जोड़ा पटना लाया जाएगा। इसके बदले पटना जू से एक सींग वाले भारतीय गैंडों की एक जोड़ी सिंगापुर भेजी जाएगी। वन एवं पर्यावरण विभाग के अधिकारियों के मुताबिक, इस आदान-प्रदान से वन्यजीव संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पटना जू की पहचान और मजबूत होगी। फिलहाल इस प्रस्ताव को लेकर तकनीकी और प्रशासनिक प्रक्रिया पूरी की जा रही है।

समुद्री रास्ते से होगा सफर

गैंडों को भारत लाने के लिए हवाई मार्ग के बजाय समुद्री रास्ते को चुना गया है। पहले इन्हें जहाज के जरिए सिंगापुर से कोलकाता पोर्ट तक लाया जाएगा, फिर विशेष सुरक्षा और निगरानी में सड़क मार्ग से पटना पहुंचाया जाएगा। अधिकारियों का मानना है कि यह तरीका अपेक्षाकृत कम खर्चीला और जानवरों के लिए अधिक सुरक्षित रहेगा।

गैंडों के मामले में पटना जू की खास पहचान

पटना जू में इस समय कुल 10 गैंडे मौजूद हैं, जिनमें 6 मादा और 4 नर शामिल हैं। गैंडों की संख्या के लिहाज से यह एशिया के प्रमुख जू में गिना जाता है। अब अगर सफेद गैंडों की नई जोड़ी यहां पहुंचती है, तो दर्शकों को भारतीय और विदेशी दोनों प्रजातियों के गैंडे एक साथ देखने का अवसर मिलेगा। इससे पर्यटकों की संख्या बढ़ने के साथ-साथ जू की लोकप्रियता में भी इजाफा होने की उम्मीद है।

इसे  भी पढ़ें – राघोपुर में पुलिस टीम पर हमला, महिला होमगार्ड समेत दो घायल; सरकारी वाहन में तोड़फोड़ से गांव में तनाव



Source link

Leave A Reply

Your email address will not be published.