Voice of Eastern India

7 साल की बच्ची की कुदाल से काटकर निर्मम हत्या, ग्रामीणों ने फूंका आरोपी का घर


न्यूज11 भारत
पटना/डेस्क :
सुपौल सदर थाना क्षेत्र के परसरमा वार्ड-8 में सात वर्षीय बच्ची की कुदाल से हमला कर निर्मम हत्या कर दी गई। वारदात के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने आरोपी के घर में आग लगा दी। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची, स्थिति को नियंत्रित किया और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। मामले की जांच के लिए एफएसएल टीम ने भी घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं।

पिता संग आ रही थी बच्ची 
जानकारी के अनुसार, परसरमा गांव निवासी शंभू शाह अपनी सात वर्षीय बेटी प्रीति कुमारी के साथ गांव से दूध लेकर घर लौट रहे थे। बताया गया कि शंभू शाह आगे चल रहे थे, जबकि उनके पीछे प्रीति हाथ में दूध की बोतल लेकर आ रही थी। इसी दौरान पड़ोस में रहने वाला युवक राजू शाह अचानक कुदाल लेकर पहुंचा और बच्ची पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया।

कुदाल से कई वार 
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आरोपी ने बच्ची पर कई बार कुदाल से वार किया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना इतनी वीभत्स थी कि आसपास मौजूद लोग सहम गए। कुछ ही देर में पूरे गांव में हत्या की खबर फैल गई और मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण जुट गए।

पुलिस की गिरफ्त में आरोपी 
ग्रामीणों का आरोप है कि वारदात के बाद आरोपी अपने घर में जाकर छिप गया। इससे गुस्साए लोगों ने आरोपी के घर को घेर लिया और उसमें आग लगा दी। सूचना मिलने पर सदर एसडीपीओ राजीव रंजन के नेतृत्व में कई थानों की पुलिस टीम भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची। पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद स्थिति को नियंत्रण में लिया और आरोपी को सुरक्षित हिरासत में ले लिया।

गांव में तनाव
घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बना रहा। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। पुलिस ने लोगों को समझाकर शांत कराया और बच्ची के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।

एफएसएल टीम भी पहुंची 
घटनास्थल की वैज्ञानिक जांच के लिए एफएसएल टीम को बुलाया गया। टीम ने मौके से विभिन्न साक्ष्य और नमूने एकत्र किए, ताकि हत्या के सभी पहलुओं की जांच की जा सके। पुलिस घटना के पीछे के कारणों का पता लगाने में जुटी है। सदर एसडीपीओ राजीव रंजन ने बताया कि सात वर्षीय बच्ची की हत्या के मामले में आरोपी राजू शाह को गिरफ्तार कर लिया गया है। शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है तथा एफएसएल टीम द्वारा साक्ष्य संकलित किए गए हैं। पुलिस सभी पहलुओं की गहन जांच कर रही है।



Source link

Leave A Reply

Your email address will not be published.