न्यूज 11 भारत / पटना डेस्क : बिहार कैबिनेट की बैठक में बुधवार को 25 एजेंडों पर मुहर लगी है। इसके तहत पंचायत चुनाव 2026 नए परिसीमन पर कराया जाएगा। यह 2011 के जनगणना के आधार पर होगा। वार्ड से लेकर पंचायत तक के नए परिसीमन फाइनल करने पर कैबिनेट ने मुहर लगाई है।
ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट के नए नाम को मंजूरी
कैबिनेट ने भागलपुर में बनने वाले ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट का नाम ‘अजगैबीनाथ धाम ग्रीनफील्ड हवाई अड्डा’ रखने की मंजूरी दी है। इसके अलावा कैबिनेट ने राजगीर, रोहतास और कैमूर क्षेत्र में ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट बनाने के लिए भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण और बिहार सरकार के बीच समझौता को मंजूरी दे दी है।
गाड़ियों के टैक्स में वृद्धि
इसके अलावा व्हीकल टैक्स में इजाफा किया गया है। टू व्हीलर और तीन पहिया गाड़ियों के लिए टैक्स में वृद्धि की गई है। टू व्हीलर पर 1 फीसदी का जबकि एक मुश्त टैक्स चुकाने वाले को मौजूदा टैक्स मत 1000 रूपए अधिक देना होगा। व्यापार दर में 4 फीसदी की वृद्धि की गई है।
पिछली बैठक में 22 एजेंडों को मिली थी मंजूरी
पिछली कैबिनेट बैठक में सरकार ने कुल 22 एजेंडों पर मुहर लगाई थी। इनमें परिवहन, शहरी विकास, कृषि, ऊर्जा और आधारभूत संरचना से जुड़े कई बड़े फैसले शामिल थे। कैबिनेट ने बिहार के प्रमुख शहरों को जोड़ने के लिए चार हाई-स्पीड रैपिड रेल कॉरिडोर को मंजूरी दी थी। इसके तहत पटना-गया, पटना-मुजफ्फरपुर, पटना-बेगूसराय और पटना-आरा के बीच रैपिड रेल चलाई जाएगी। इस परियोजना के लागू होने से शहरों के बीच यात्रा का समय लगभग दो-तिहाई तक कम होने का अनुमान है।
