Voice of Eastern India

बांकीपुर में अब तक 33.60 प्रतिशत वोट, जन सुराज और भाजपा कार्यकर्ता फिर भिड़े


न्यूज 11 भारत / पटना डेस्क : पटना के बांकीपुर सीट पर उपचुनाव के लिए वोटिंग जारी है। शाम 5 बजे तक 33.60 प्रतिशत मतदान हुआ है। भाजपा ने प्रशांत किशोर की जन सुराज पार्टी की चुनाव आयोग से शिकायत की है। जन सुराज के कार्यकर्ताओं पर फर्जी वोटिंग की कोशिश करने का आरोप लगाया गया है। भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के अध्यक्ष नितिन नवीन के विधानसभा की सदस्यता छोड़ने के बाद बांकीपुर सीट पर उपचुनाव हो रहा है।

बता दें कि इस सीट से भाजपा के नीरज सिन्हा, राजद की रेखा गुप्ता और जन सुराज पार्टी के प्रशांत किशोर समेत कुल 25 प्रत्याशी अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। आज सुबह कुछ इलाकों में बारिश की वजह से मतदान पर असर पड़ा था लेकिन बांकीपुर बिहार की उन सीटों में है, जहां हमेशा मतदान का प्रतिशत कम रहता है। साल 2025 के चुनाव में भी 41 फीसदी वोटिंग हुई थी।

मीठापुर इलाके में सुबह जन सुराज और भाजपा के कार्यकर्ताओं के भिड़ने की खबर आई। भाजपा ने जन सुराज पर बोगस वोटिंग का आरोप लगाया है। इसके बाद शाम में एएन कॉलेज बूथ पर भी दोनों पार्टियों के कार्यकर्ताओं में गहमागहमी हो गई।

बांकीपुर में पांच हजार पुलिस जवान तैनाती किए गए हैं, जो बूथ से मतगणना स्थल तक सक्रिय हैं। सभी 422 मतदान केंद्रों पर अर्द्ध सैनिक बलों के जवानों की तैनाती है। पुलिस नियंत्रण कक्ष में 72 पुलिस अफसरों की ड्यूटी लगी है। किसी प्रकार की परेशानी होती है तो लोग नियंत्रण कक्ष के अलावा डायल-112 पर कॉल कर सकते हैं।



Source link

Leave A Reply

Your email address will not be published.