न्यूज 11 भारत / बिहार डेस्क
अश्मित सिन्हा / पटना : बिहार के भोजपुर जिले के शाहपुर थाना क्षेत्र के बिलौटी गांव में चर्चित भरत तिवारी पुलिस मुठभेड़ मामले में बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। मामले के आरोपित बिहार एसटीएफ के जवान अक्षय कुमार को गिरफ्तार कर लिया गया है। जांच के दौरान सामने आए तथ्यों के आधार पर कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार में लिया गया।
आरोप है कि आत्मसमर्पण करने के बाद भरत तिवारी को सबसे पहली गोली अक्षय कुमार ने मारी थी, जिसके बाद मौके पर उसे तीन और गोलियां मारी गईं। इस गिरफ्तारी को पूरे मामले की अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई माना जा रहा है।
24 जुलाई को भरत तिवारी के परिजनों ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से मुलाकात कर न्याय की मांग की थी। मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री ने 48 घंटे के भीतर कार्रवाई का भरोसा दिया था। इसके बाद प्रशासनिक स्तर पर लगातार कार्रवाई शुरू हुई। पहले तत्कालीन एसडीएम संजीत कुमार को पद से हटाया गया, जबकि उसी दिन पोस्टिंग पर गए तत्कालीन एसडीपीओ राजेश कुमार शर्मा को भी लाइन हाजिर कर दिया गया।
अब एसटीएफ जवान अक्षय कुमार की गिरफ्तारी से यह मामला नए मोड़ पर पहुंच गया है। परिजनों ने इसे न्याय की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताते हुए मामले में शामिल अन्य जिम्मेदार पुलिस अधिकारियों और कर्मियों पर भी सख्त कार्रवाई की मांग दोहराई है। माना जा रहा है कि आगे की जांच में इस चर्चित एनकाउंटर से जुड़े कई और महत्वपूर्ण तथ्य सामने आ सकते हैं।
