न्यूज 11 भारत / बिहार डेस्क
रोहित कुमार / मुंगेर: मुंगेर के मॉडल सदर अस्पताल में मरीज की मौत के बाद शुरू हुआ हंगामा अब अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाओं पर भारी पड़ रहा है। धीरज कुमार नामक एक मरीज की मौत के बाद स्वजन के हंगामे और विरोध के बीच आज अस्पताल की इमरजेंसी सेवा के साथ OPD सेवा भी बंद रही। अस्पताल पहुंचे मरीज और उनके स्वजन इलाज के लिए परेशान नजर आए। वहीं, अस्पताल परिसर में तनाव की स्थिति को देखते हुए बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है।
दरअसल मुंगेर के मॉडल सदर अस्पताल की इमरजेंसी में मंगलवार देर रात धीरज कुमार (30) की इलाज के दौरान मौत हो गई थी। मौत के बाद स्वजन ने इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया। स्वजन का आरोप है कि डॉक्टरों और स्टाफो के द्वारा इलाज में घोर लापरवाही बरती गई, जिस कारण मरीज की हालत बिगड़ती गई और उसकी मौत हो गई।
हंगामा इतना बढ़ा कि अस्पताल में अफरातफरी मच गई। आरोप है कि डॉक्टर और नर्स भी वहां से चले गए। करीब रात 11 बजे से लेकर अब तक इमरजेंसी सेवा और ओपीडी सेवा पूर्णतः प्रभावित रही। मामले की गंभीरता को देखते हुए कोतवाली, पूरबसराय, कासिम बाजार और वासुदेवपुर थाने की पुलिस के साथ सौ से अधिक जवानों को अस्पताल में तैनात किया गया है।
वहीं, आज भी अस्पताल की स्थिति सामान्य नहीं हो सकी है। इमरजेंसी सेवा के साथ OPD सेवा भी बंद रही। इलाज की उम्मीद में अस्पताल पहुंचे मरीजों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। कई मरीज और उनके स्वजन अस्पताल परिसर में इलाज शुरू होने का इंतजार करते नजर आए। मृतक के स्वजन ने पूरे मामले की जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है। प्रशासन ने लिखित शिकायत मिलने पर जांच कराने और दोषी पाए जाने वालों पर कार्रवाई का भरोसा दिया है।
