Voice of Eastern India

बिहार में 1 सितंबर को भारी बारिश का अलर्ट, इन जिलों में सबसे ज्यादा खतरा


न्यूज 11 भारत/बिहार डेस्क: बिहार में मानसून एक बार फिर एक्टिव है। 1 सितंबर को राज्य के कई हिस्सों में बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने दक्षिण-पश्चिम और दक्षिण-मध्य बिहार के कई जिलों में तेज हवा, गरज और वज्रपात की चेतावनी दी है। कुछ जिलों में भारी बारिश की भी आशंका है। मौसम विभाग के मुताबिक सबसे ज्यादा असर दक्षिण-पश्चिम बिहार में देखने को मिल सकता है। औरंगाबाद, भभुआ, गया और रोहतास में भारी बारिश की संभावना जताई गई है। वहीं बेगूसराय, बक्सर, जहानाबाद, खगड़िया, लखीसराय, नालंदा, नवादा और शेखपुरा में भारी बारिश हो सकती है।

मौसम विभाग के मुताबिक 1 सितंबर को बिहार के अलग-अलग हिस्सों में बारिश का असर रहेगा। दक्षिण-पश्चिम बिहार में अधिकांश स्थानों पर बारिश होने की संभावना है। इस इलाके में रोहतास, भभुआ, भोजपुर, बक्सर, अरवल और औरंगाबाद शामिल हैं।

दक्षिण-मध्य बिहार में भी बारिश का असर रहेगा। पटना, गया, नालंदा, जहानाबाद, नवादा, लखीसराय, शेखपुरा और बेगूसराय में बारिश की संभावना है। इनमें कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट भी जारी किया गया है।

दक्षिण-पूर्व बिहार के जिलों में भी बारिश हो सकती है। भागलपुर, बांका, जमुई, मुंगेर और खगड़िया में कई जगहों पर बारिश का अनुमान है।

उत्तर-पश्चिम बिहार में भी कुछ जगहों पर बारिश हो सकती है। इस इलाके में पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सीवान और सारण आते हैं। उत्तर-मध्य बिहार में मुजफ्फरपुर, वैशाली, सीतामढ़ी, शिवहर, दरभंगा, समस्तीपुर और मधुबनी में भी बारिश के आसार हैं।

उत्तर-पूर्व बिहार में भी मौसम पूरी तरह साफ नहीं रहेगा. सुपौल, अररिया, किशनगंज, पूर्णिया, कटिहार, मधेपुरा और सहरसा में कुछ स्थानों पर बारिश हो सकती है।

कहां है सबसे ज्यादा खतरा?

मौसम विभाग ने 1 सितंबर के लिए औरंगाबाद, भभुआ, गया और रोहतास में अति भारी बारिश की संभावना जताई है। इन जिलों में लोगों को खास सावधानी बरतने की जरूरत है। भारी बारिश से नदियों का जलस्तर बढ़ सकता है। निचले इलाकों में पानी जमा हो सकता है। इसके अलावा बक्सर, जहानाबाद, नालंदा और नवादा समेत कई जिलों में भारी बारिश की चेतावनी है। बेगूसराय, खगड़िया, लखीसराय और शेखपुरा भी इस लिस्ट में हैं।

तेज हवा और वज्रपात से भी सावधान

बारिश के साथ कई इलाकों में तेज हवा और वज्रपात का खतरा भी है। दक्षिण-पश्चिम और दक्षिण-मध्य बिहार में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चल सकती है। गरज के साथ बिजली गिरने की भी आशंका है। उत्तर-पश्चिम और दक्षिण-पूर्व बिहार के कुछ हिस्सों में भी ऐसा मौसम बन सकता है। मौसम विभाग ने लोगों से खुले स्थान पर नहीं रहने की अपील की है। आंधी और वज्रपात के दौरान पक्के मकान में शरण लेने की सलाह दी गई है। लोगों को ऊंचे पेड़ और बिजली के खंभों से दूर रहने को कहा गया है।



Source link

Leave A Reply

Your email address will not be published.