Voice of Eastern India

सहरसा के युवक की बांका में चाकू गोदकर हत्या, रेलवे ट्रैक के पास मिला शव


न्यूज 11 भारत/बिहार डेस्क
इन्द्रदेव/सहरसा:
सोनवर्षा कचहरी थाना क्षेत्र के दिवारी गांव निवासी 30 वर्षीय रूपेश कुमार की बांका जिले के चंदन थाना क्षेत्र में चाकू मारकर हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। सोमवार को उसका शव रेलवे पटरी के किनारे बरामद हुआ। परिजनों ने गांव के ही अनिल वर्मा पर हत्या में संलिप्त होने का आरोप लगाया है। हालांकि, पुलिस मामले की सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है।

जानकारी के अनुसार रूपेश कुमार, मणिकांत यादव का पुत्र था और वाहन चलाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। रविवार तड़के करीब तीन बजे वह बसौना निवासी सेवानिवृत्त इंजीनियर अजीत वर्मा को चारपहिया वाहन से देवघर पहुंचाने के लिए घर से निकला था। देवघर में अजीत वर्मा को छोड़ने के बाद रूपेश दूसरे सवारी वाहन से वापस घर के लिए रवाना हुआ।

परिजनों के मुताबिक देवघर से लौटते समय रूपेश ने फोन कर घर वापस आने की जानकारी दी थी। इसके कुछ देर बाद जब परिजनों ने उससे संपर्क करने की कोशिश की तो उसने फोन नहीं उठाया। लगातार कॉल करने के बावजूद संपर्क नहीं होने पर परिजन सोनवर्षा कचहरी थाना पहुंचे और पुलिस को इसकी जानकारी दी।

पुलिस की मदद से रूपेश के मोबाइल की लोकेशन ट्रेस की गई। लोकेशन के आधार पर परिजन जब चंदन थाना क्षेत्र पहुंचे तो रेलवे पटरी के किनारे रूपेश का शव पड़ा मिला। उसके शरीर पर चाकू से हमला किए जाने के निशान थे। घटना की सूचना चंदन थाना पुलिस को दी गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बांका भेज दिया।
रूपेश अपने पीछे दो छोटे बच्चों को छोड़ गया है। उसकी सात वर्षीय बेटी और चार वर्षीय बेटा है। उसकी मौत के बाद पत्नी और बच्चों समेत पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। बताया जा रहा है कि रूपेश दो भाइयों में बड़ा था। मंगलवार को शव गांव पहुंचने की जानकारी के बाद दिवारी गांव में मातम का माहौल बना हुआ है।

परिजनों ने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर हत्या में शामिल आरोपी की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है। चंदन थाना प्रभारी रवि कुमार ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है। घटनास्थल और आसपास लगे CCTV कैमरों के फुटेज की जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि सभी बिंदुओं पर गहनता से जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।



Source link

Leave A Reply

Your email address will not be published.