Voice of Eastern India

संजय झा से मिली पूर्व आईपीएस काम्या मिश्रा, अब बिहार की राजनीति में शामिल होनें की अटकलें तेज



आईपीएस की नौकरी छोड़ चुकीं काम्या मिश्रा ने शुक्रवार को जेडीयू के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष संजय झा से मुलाकात की।

न्यूज11 भारत/बिहार डेस्क
पूजा शर्मा/पटना:
आईपीएस की नौकरी छोड़ चुकीं काम्या मिश्रा ने शुक्रवार को जेडीयू के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष संजय झा से मुलाकात की। इस मुलाकात के कई मायने निकाले जा रहे हैं। ओडिशा की रहने वालीं पूर्व आईपीएस के बिहार में नई राजनीतिक पारी की अटकलें लगने लगी हैं।

बिहार कैडर की आईपीएस रहीं काम्या मिश्रा ने शुक्रवार को जनता दल यूनाइटेड (JDU) के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा से मुलाकात की। इस मीटिंग से उनकी बिहार में राजनीतिक पारी की अटकलें लगने लगी हैं। काम्या मूलरूप से ओडिशा की रहने वाली हैं और भारतीय पुलिस सेवा के 2019 बैच की अधिकारी रह चुकी हैं। 

दरभंगा के ग्रामीण एसपी रहते अगस्त 2024 में उन्होंने इस्तीफा दे दिया था और लंबी छुट्टियों पर चली गई थीं। पिछले साल उनका इस्तीफा मंजूर हुआ। फिलहाल वह अपने पिता का कारोबार देख रही हैं। उनके परिवार की आयरन और स्टील कंपनी है। काम्या की शादी उनके ही बैच के आईपीएस अवधेश कुमार दीक्षित से हुई थी। उनके पति अभी भोजपुर जिले के एसपी हैं।

अपनी छोटी सर्विस में बिहार की लेडी सिंघम के रूप में चर्चित हुईं पूर्व आईपीएस काम्या मिश्रा ने शुक्रवार को संजय झा के पटना स्थित सरकारी आवास पर जाकर उनसे मुलाकात की। इस मुलाकात की तस्वीरें दोनों ने अपने-अपने सोशल मीडिया अकाउंट से साझा की। संजय झा ने कहा कि काम्या ने शिष्टाचार मुलाकात कर दिवाली की शुभकानाएं दीं।

वहीं, काम्या मिश्रा ने इंस्टा पर मुलाकात की तस्वीर शेयर कर लिखा कि संजय झा से भेंट कर उन्हें दीपावली की शुभकानाएं दीं। बिहार को राष्ट्रीय मुख्यधारा में एक सशक्त पहचान दिलाने की दिशा में उनके निरंतर प्रयास प्रेरणादायी रहे हैं।

काम्या मिश्रा की बतौर आईपीएस आखिरी पोस्टिंग दरभंगा में ग्रामीण एसपी के पद पर रही। अपने तेज तर्रार अंदाज के लिए उन्हें लेडी सिंघम तक कहा जाने लगा। पूर्व मंत्री मुकेश सहनी के पिता जीतनराम की हत्या का उन्होंने जल्द खुलासा कर खूब तारीफ भी बटोरी थी। वह वैशाली जिले के लालगंज की एसएचओ भी रह चुकी हैं।

काम्या ने यूपीएससी परीक्षा में देश भर में 172वीं रैंक हासिल की थी। आईपीएस ट्रेनिंग में साथ रहे अवधेश दीक्षित से साल 2020 में शादी की। शुरुआत में काम्या को हिमाचल प्रदेश कैडर मिला था। बाद में ट्रांसफर लेकर पति के पास बिहार आ गई थीं।

भारतीय पुलिस सेवा से इस्तीफा देने के बाद काम्या मिश्रा ने अपने पिता के बिजनेस को संभाला। काम्या की लिंक्डइन प्रोफाइल के मुताबिक वह अभी जीएम आयरन एवं स्टील कंपनी की डायरेक्टर हैं। यह स्टील रॉड, टीएमटी बार, एंगल, चैनल आदि बनाती है। कंपनी का रजिस्टर्ड ऑफिस कोलकाता में है, लेकिन फैक्ट्रियां ओडिशा के मयूरभंज और झारखंड के जमशेदपुर में हैं।

हालांकि, पति की बिहार में पोस्टिंग होने से नौकरी छोड़ने के बाद भी प्रदेश से जुड़ाव बना हुआ है। काम्या ने इसी सप्ताह आरा में पति अवधेश दीक्षित के साथ अपना जन्मदिन मनाया।
राजनीति में आने की इच्छा जाहिर कर चुकी हैं काम्या मिश्रा

काम्या मिश्रा आईपीएस की नौकरी छोड़ने के बाद राजनीति में आने के संकेत दे चुकी हैं। एक इंटरव्यू में उन्होंने कहा था कि नीतिगत स्तर पर आप कोई बदलाव लाना चाहते हैं, तो वो राजनीति का हिस्सा बनकर ही संभव है। पढ़े-लिखे लोग राजनीति नहीं करेंगे, तो कौन करेगा। बहुत से लोग यह कहते हैं कि पावर चाहिए इसलिए पॉलिटिक्स में जा रही है।

काम्या मिश्रा कहती हैं कि पावर होगी तभी आप समाज में अच्छे तरीके से बदलाव ला सकते हैं। आप तय कर सकते हैं कि समाज का भला कैसे हो सकता है। अच्छे लोगों को वाकई में राजनीति में आना ही चाहिए।

 





Source link

Leave A Reply

Your email address will not be published.