Voice of Eastern India

बेल्ट्रॉन के बैंक खाते से 2.72 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी, इस तरह निकाली गई रकम



बिहार राज्य इलेक्ट्रॉनिक्स विकास निगम लिमिटेड (बेल्ट्रॉन) के बैंक खाते से 2.72 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है।

न्यूज11 भारत/बिहार डेस्क
साकेत कुमार/पटना:
बिहार राज्य इलेक्ट्रॉनिक्स विकास निगम लिमिटेड (बेल्ट्रॉन) के बैंक खाते से 2.72 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। जालसाजों ने 56 क्लोन चेक के जरिए इस बड़ी रकम की निकासी कर ली। हैरानी की बात यह है कि लगातार हो रही निकासी के बावजूद बैंक को इसकी भनक तक नहीं लगी। मामले का खुलासा होने के बाद बैंक प्रबंधन में हड़कंप मच गया है।

जानकारी के अनुसार, बेल्ट्रॉन की ओर से अप्रैल महीने में बैंक को नई चेकबुक जारी करने का अनुरोध किया गया था। बैंक की मंजूरी के बाद नागपुर की अधिकृत एजेंसी ने असली चेकबुक छापकर स्पीड पोस्ट के माध्यम से निगम के रजिस्टर्ड पते पर भेज दी थी। इसी बीच जालसाजों ने कथित तौर पर उसी चेक नंबर का इस्तेमाल कर कानपुर के एक प्रिंटिंग प्रेस में नकली चेकबुक तैयार करवा ली।

बताया जा रहा है कि नकली चेकों पर कानपुर के प्रिंटिंग प्रेस का नाम भी अंकित था। 31 अक्टूबर को एक चेक पर प्रिंटिंग प्रेस का नाम देखकर संदेह हुआ। इसके बाद जब मामले की जांच की गई तो पता चला कि क्लोन चेक के माध्यम से अब तक 56 बार खाते से पैसे निकाले जा चुके हैं। इन निकासियों के जरिए कुल 2.72 करोड़ रुपये की रकम दूसरे खातों में भेजी गई थी।

मामले की जानकारी मिलने के बाद बैंक ने 4 नवंबर को सभी 56 चेकों की प्रतियां निकालीं और उन बैंक खातों का विवरण जुटाया, जिनमें धोखाधड़ी की रकम ट्रांसफर की गई थी। इसके बाद बैंक प्रबंधन ने चेक की प्रतियां और संबंधित खातों की जानकारी पुलिस को सौंप दी।

इस मामले में बैंक प्रबंधक के बयान पर पटना के शास्त्रीनगर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। वहीं, सीसीएसयू की ओर से भी मामले की जांच की गई है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। जांच का मुख्य बिंदु यह है कि बेल्ट्रॉन के खाते और चेक नंबर से जुड़ी जानकारी जालसाजों तक कैसे पहुंची और इतनी बड़ी रकम की निकासी के दौरान बैंकिंग निगरानी में चूक कैसे हुई।





Source link

Leave A Reply

Your email address will not be published.