Voice of Eastern India

अब रफ्तार पकड़ेंगे वाहन, पटना से इस जिले का सफर होगा आसान, गंगा पर बना 9.76 KM लंबा पुल



बिहार के लोगों को गंगा पर लगने वाले जाम और लंबे सड़क सफर से जल्द बड़ी राहत मिलने वाली है।




सांकेतिक तस्वीर

न्यूज11 भारत/पटना डेस्क: बिहार के लोगों को गंगा पर लगने वाले जाम और लंबे सड़क सफर से जल्द बड़ी राहत मिलने वाली है। पटना से उत्तर बिहार जाने वालों के लिए एक नया रास्ता खुलने जा रहा है। कच्ची दरगाह-बिदुपुर छह लेन गंगा महासेतु बनकर तैयार है और 21 नवंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इसका उद्घाटन करेंगे।

करीब 9.76 किलोमीटर लंबा यह महासेतु पटना और वैशाली के बीच की दूरी को काफी कम कर देगा। दावा है कि इसके चालू होने के बाद पटना से वैशाली का सफर महज 20 से 25 मिनट में पूरा किया जा सकेगा। इससे न सिर्फ यात्रियों का समय बचेगा, बल्कि उत्तर बिहार की कनेक्टिविटी को भी नई रफ्तार मिलेगी।

अभी पटना से वैशाली और उत्तर बिहार के दूसरे जिलों की ओर जाने वाले लोगों को महात्मा गांधी सेतु पर निर्भर रहना पड़ता है। खासकर पीक आवर में वाहनों का दबाव बढ़ने से लोगों को जाम में काफी समय गंवाना पड़ता है। कई बार कम दूरी तय करने में भी घंटों लग जाते हैं।

कच्ची दरगाह-बिदुपुर महासेतु शुरू होने के बाद लोगों को एक वैकल्पिक रास्ता मिलेगा। इससे गांधी सेतु पर वाहनों का दबाव कम होने की उम्मीद है।

पटना से वैशाली के अलावा मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर और दरभंगा की ओर आने-जाने वाले यात्रियों को भी इसका फायदा मिलेगा।

कच्ची दरगाह-बिदुपुर महासेतु गंगा नदी पर बना छह लेन का पुल है। यह पटना जिले के कच्ची दरगाह को वैशाली जिले के बिदुपुर से जोड़ेगा। मुख्य पुल की लंबाई करीब 9.76 किलोमीटर है, जबकि एप्रोच रोड सहित पूरी परियोजना लगभग 19.76 किलोमीटर लंबी है।

इस परियोजना पर पांच हजार करोड़ रुपये से अधिक खर्च किए गए हैं। पुल के जरिए एनएच-30 और एनएच-103 के बीच सीधा संपर्क स्थापित होगा। इसे इस तरह तैयार किया गया है कि इस पर वाहन 100 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से चल सकें।

इस पुल का सबसे बड़ा फायदा राघोपुर दियारा के लोगों को मिलने वाला है। गंगा और गंडक नदियों से घिरे इस इलाके के लोगों को पटना और हाजीपुर पहुंचने के लिए अब तक कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ता रहा है।

महासेतु के चालू होने से उन्हें सालभर सड़क मार्ग से राजधानी पटना और हाजीपुर की ओर आने-जाने का बेहतर विकल्प मिलेगा। इससे शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और कारोबार के सिलसिले में आने-जाने वाले लोगों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।

च्ची दरगाह-बिदुपुर पुल का लाभ केवल पटना और वैशाली तक सीमित नहीं रहेगा। उत्तर बिहार के मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर, दरभंगा और आसपास के जिलों से पटना आने वाले लोगों के लिए भी यह महत्वपूर्ण रास्ता साबित होगा।

अब इन जिलों से आने वाले वाहनों को महात्मा गांधी सेतु पर पूरी तरह निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। इससे यात्रा का समय कम होने के साथ-साथ ईंधन की भी बचत होगी। खासकर रोजाना पटना आने-जाने वाले नौकरीपेशा लोगों और कारोबारियों को इसका सीधा फायदा मिल सकता है।

कच्ची दरगाह-बिदुपुर महासेतु अपनी लंबाई के साथ आधुनिक निर्माण तकनीक के लिए भी खास है। इसे एक्स्ट्रा डोज्ड केबल ब्रिज तकनीक से बनाया गया है। इसकी मुख्य संरचना करीब 32 मीटर चौड़ी है। इसे बिहार के सबसे लंबे एक्स्ट्रा डोज्ड केबल पुल के रूप में जाना जाता है।

 





Source link

Leave A Reply

Your email address will not be published.