Voice of Eastern India

शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी के तीखे तेवर, प्रशांत किशोर पर साधा निशाना 



बिहार के शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने कई मुद्दों पर बड़ा बयान दिया है।

न्यूज11 भारत/बिहार डेस्क
रोहित/पटना:
बिहार के शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने कई मुद्दों पर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने प्रशांत किशोर पर निशाना साधते हुए कहा, “प्रशांत किशोर, आप हमें बख्श दीजिए। देश का हर ब्राह्मण वेद, पुराण, उपनिषद और मंदिरों के साथ है। अगर इसकी रक्षा कोई कर सकता है तो केवल मोदी सरकार कर सकती है।”

मंत्री मिथिलेश तिवारी ने बताया कि वह बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री से मिलने गए थे, लेकिन मुलाकात के लिए उन्हें करीब चार घंटे इंतजार करना पड़ा। उन्होंने यह भी बताया कि धीरेंद्र शास्त्री 13 दिसंबर को कथा करने बक्सर आएंगे, जबकि 16 दिसंबर को उनका दिव्य दरबार लगेगा।

तेजस्वी यादव के राघोपुर पर कसा तंज

शिक्षा मंत्री ने तेजस्वी यादव के राघोपुर को लेकर भी तीखा हमला बोला। उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा, “क्या राघोपुर में पुल तेजस्वी यादव के पिताजी ने बनाया था? अगर लालू जी ने बनाया था तो क्या प्रधानमंत्री मोदी से कहेंगे कि पुल का उद्घाटन मत कीजिए?”

उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि पुल बनाएंगे मोदी जी और फीता काटेंगे लालू जी, यह नहीं चलेगा।

शिक्षकों के वेतन को लेकर किया बड़ा दावा

वहीं, बिहार में शिक्षकों के वेतन भुगतान को लेकर शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने बड़ा दावा किया है। उन्होंने कहा कि बिहार के किसी भी शिक्षक का वेतन बकाया नहीं है। मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि किसी भी शिक्षक से जाकर पूछ लीजिए कि क्या उनका वेतन बाकी है?

मंत्री ने दावा किया कि कल शाम तक सभी शिक्षकों के खाते में वेतन भेज दिया गया है। इस तरह शिक्षा मंत्री ने वेतन भुगतान को लेकर विभाग की ओर से स्थिति स्पष्ट करते हुए सभी शिक्षकों का भुगतान होने की बात कही।





Source link

Leave A Reply

Your email address will not be published.