दूर-दराज से नामी घुड़सवार अपने बेहतरीन घोड़ों के साथ लदमा पहुंच रहे हैं और रेस ट्रैक पर अभ्यास सत्र भी शुरू हो गया है.
विकाश कुमार/न्यूज़11 भारत
मोकामा/डेस्क: मोकामा विधायक अनंत सिंह की बेटी की शादी की भव्य तैयारियों के बीच उनके पैतृक गांव लदमा में आयोजित होने वाली घुड़दौड़ प्रतियोगिता चर्चा का विषय बना हुआ है. शादी के इस खास उपलक्ष्य में आयोजित हो रहे मुकाबले को लेकर पूरे इलाके में भारी उत्साह है.
प्रतियोगिता में हिस्सा लेने के लिए दूर-दराज से नामी घुड़सवार अपने बेहतरीन घोड़ों के साथ लदमा पहुंच रहे हैं और रेस ट्रैक पर अभ्यास सत्र भी शुरू हो गया है. आयोजकों की ओर से ट्रैक को पूरी तरह समतल और तैयार किया जा रहा है, ताकि रेस के दौरान घोड़ों की रफ्तार में कोई बाधा न आए.
इस प्रतियोगिता को बेहद आकर्षक बनाने के लिए बंपर इनामों की व्यवस्था की गई है, जिसमें पहला स्थान हासिल करने वाले विजेता को ‘थार’ गाड़ी दी जाएगी, जबकि दूसरे स्थान पर रहने वाले को मोटरसाइकिल और तीसरे स्थान के विजेता को स्कूटी पुरस्कार स्वरूप भेंट की जाएगी.
लदमा गांव में एक तरफ जहां शादी की रस्में और तैयारियां चल रही हैं, वहीं दूसरी तरफ घुड़दौड़ का यह आयोजन ग्रामीणों और खेल प्रेमियों के लिए मुख्य आकर्षण का केंद्र बना हुआ है.
इसे भी पढ़ें: महंगाई का झटका! आज से बढ़ गए अमूल और मदर डेयरी दूध के दाम; जानिए नया रेट
