बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी आज राज्य के प्रशासनिक और पुलिस महकमे के शीर्ष अधिकारियों के साथ हाईलेवल समीक्षा बैठक करेंगे।
न्यूज11 भारत/बिहार डेस्क
साकेत कुमार/पटना: बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी आज राज्य के प्रशासनिक और पुलिस महकमे के शीर्ष अधिकारियों के साथ हाईलेवल समीक्षा बैठक करेंगे। पटना स्थित ‘संकल्प’ सभागार से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से होने वाली इस बैठक में सभी जिलों के वरिष्ठ अधिकारी शामिल होंगे। बैठक में सभी प्रमंडलों के आयुक्त, आईजी, डीआईजी, जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक सीधे जुड़ेंगे।
त्योहारों से पहले आयोजित इस महत्वपूर्ण बैठक में कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण, ग्रामीण रोजगार योजनाओं के क्रियान्वयन और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रस्तावित बिहार दौरे की तैयारियों की समीक्षा की जाएगी। मुख्यमंत्री अधिकारियों को सरकार की प्राथमिकताओं के अनुरूप काम में तेजी लाने और विकास योजनाओं को समय सीमा के भीतर पूरा करने का निर्देश दे सकते हैं। साथ ही अधिकारियों की जवाबदेही भी तय की जा सकती है।
अपराधियों पर कार्रवाई और कानून-व्यवस्था होगी सबसे बड़ी प्राथमिकता
बैठक में सबसे अहम मुद्दा राज्य की कानून-व्यवस्था और अपराध नियंत्रण का रहेगा। मुख्यमंत्री सभी जिलों के एसपी और पुलिस रेंज के आईजी-डीआईजी से अपने-अपने क्षेत्रों की स्थिति की जानकारी लेंगे।
जघन्य अपराधों में शामिल अपराधियों, फरार आरोपियों और लंबित वारंटियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाने पर जोर दिया जा सकता है। इसके अलावा थानों के कामकाज, पुलिस की कार्यशैली और आम लोगों की शिकायतों के त्वरित निपटारे को लेकर भी दिशा-निर्देश दिए जा सकते हैं।
मुख्यमंत्री जिलों में पुलिस व्यवस्था को और मजबूत बनाने के साथ अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दे सकते हैं।
व्यापारियों और उद्योगपतियों के साथ बैठक करेंगे DM-SP
जिलों में बेहतर सुरक्षा व्यवस्था और कारोबारियों में विश्वास कायम करने के लिए प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों के बीच समन्वय पर भी चर्चा होगी।
इसके तहत जिलाधिकारियों और पुलिस अधीक्षकों को स्थानीय व्यापारियों एवं उद्योगपतियों के साथ नियमित बैठक करने का निर्देश दिया जा सकता है। इन बैठकों में कारोबारियों की सुरक्षा से जुड़ी समस्याओं को सुना जाएगा और उनके समाधान के लिए ठोस कदम उठाए जाएंगे।
सरकार का उद्देश्य प्रदेश में सुरक्षित कारोबारी माहौल तैयार करना और आपराधिक घटनाओं पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करना है।
VB-G RAM G मिशन के तहत 22 हजार करोड़ रुपये खर्च करने की तैयारी
बैठक में ग्रामीण विकास और रोजगार से जुड़ी योजनाओं पर भी विशेष फोकस रहेगा। विकसित भारत-रोजगार एवं आजीविका गारंटी मिशन (ग्रामीण) यानी VB-G RAM G के क्रियान्वयन को लेकर मुख्यमंत्री अधिकारियों से चर्चा करेंगे।
इस मिशन के तहत करीब 22 हजार करोड़ रुपये के बजट के प्रभावी इस्तेमाल की तैयारी है। इसके माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में लगभग तीन लाख छोटी विकास योजनाओं को मंजूरी देने का लक्ष्य रखा गया है। मिशन के तहत ग्रामीण परिवारों को साल में 125 दिनों के रोजगार की गारंटी देने की बात कही गई है।
मुख्यमंत्री जिलाधिकारियों को योजनाओं के चयन, काम शुरू कराने और निर्धारित समय में पूरा करने को लेकर जरूरी निर्देश दे सकते हैं। साथ ही यह सुनिश्चित करने पर जोर रहेगा कि ग्रामीण क्षेत्रों के जरूरतमंद परिवारों को रोजगार का लाभ मिले।
मजदूरों को 15 दिनों के भीतर भुगतान कराने पर जोर
ग्रामीण रोजगार योजनाओं में काम करने वाले मजदूरों को समय पर मजदूरी मिले, इसे लेकर भी बैठक में चर्चा होगी। मुख्यमंत्री अधिकारियों को निर्देश दे सकते हैं कि काम पूरा होने के बाद 15 दिनों के भीतर मजदूरों के बैंक खातों में भुगतान सुनिश्चित किया जाए।
इसके लिए जिला स्तर पर नियमित निगरानी, पारदर्शी भुगतान व्यवस्था और योजनाओं के समयबद्ध क्रियान्वयन पर विशेष ध्यान देने को कहा जा सकता है।
21 नवंबर को PM मोदी के बिहार दौरे की तैयारियों की होगी समीक्षा
मुख्यमंत्री की इस हाईलेवल बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आगामी 21 नवंबर को प्रस्तावित बिहार दौरे की तैयारियां भी एजेंडे में शामिल हैं।
प्रधानमंत्री के कार्यक्रम को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था, वीवीआईपी प्रोटोकॉल, यातायात प्रबंधन और कार्यक्रम स्थल की तैयारियों की समीक्षा की जाएगी। संबंधित जिलों के अधिकारियों को सुरक्षा और प्रशासनिक इंतजाम समय रहते पूरे करने के निर्देश दिए जा सकते हैं।
