Voice of Eastern India

दीपावली के बाद पटना की हवा हुई जहरीली, 300 पार पहुंचा बिहार के 17 शहरों का AQI 



दीपावली की रात हुई जमकर आतिशबाजी का असर अब बिहार के शहरों की हवा पर दिखने लगा है।

न्यूज11 भारत/बिहार डेस्क
अश्मित सिन्हा/पटना:
दीपावली की रात हुई जमकर आतिशबाजी का असर अब बिहार के शहरों की हवा पर दिखने लगा है। पटाखों से निकले धुएं के कारण कई शहरों में वायु प्रदूषण का स्तर काफी बढ़ गया है।

सोमवार सुबह तक हवा की गुणवत्ता सामान्य नहीं हो सकी थी। बेगूसराय, मुजफ्फरपुर, बक्सर और मुंगेर समेत 17 शहरों में वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) बेहद खराब स्तर पर दर्ज किया गया।

रविवार को दिन ढलते ही पटाखों की आवाज से आसमान गूंजने लगा। देर रात तक आतिशबाजी का सिलसिला जारी रहा। कुछ ही देर में कई इलाकों में धुएं और धुंध की परत छा गई।

इससे दृश्यता प्रभावित हुई। हवा में घुले धुएं और प्रदूषण के कारण सांस संबंधी परेशानी वाले लोगों, बच्चों और बुजुर्गों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है।

AQI.in वेबसाइट पर सोमवार सुबह उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, बेगूसराय का AQI 548 दर्ज किया गया। मुजफ्फरपुर 450 के साथ दूसरे और बक्सर 436 के साथ तीसरे स्थान पर रहा।

मुंगेर में वायु गुणवत्ता सूचकांक 400, समस्तीपुर में 371 और दरभंगा में 351 दर्ज किया गया। पटना का AQI 308 और आरा का 309 रहा।

पटना में दीपावली की रात प्रदूषण का स्तर और भी अधिक दर्ज किया गया था। AQI.in के अनुसार, देर रात शहर का AQI 998 के पार पहुंच गया था। हालांकि, सोमवार सुबह तक इसमें गिरावट दर्ज की गई, लेकिन हवा की गुणवत्ता में सुधार नहीं हो सका।

पटाखों के धुएं में मौजूद सूक्ष्म कण और हानिकारक गैसें सांस के जरिए शरीर में पहुंच सकती हैं। इससे अस्थमा और सांस संबंधी दूसरी बीमारियों से परेशान लोगों को दिक्कत हो सकती है।

बच्चों और बुजुर्गों पर भी प्रदूषित हवा का असर अधिक पड़ सकता है। ऐसे में लोगों को सुबह और शाम के समय अनावश्यक रूप से बाहर निकलने से बचना चाहिए।





Source link

Leave A Reply

Your email address will not be published.