बिहार के नालंदा में दीवाली और छठ पर्व के मौके पर पत्नी मायके से नहीं लौटी तो एक युवक ने आत्महत्या कर ली।
सांकेतिक तस्वीर
न्यूज11 भारत/पटना डेस्क: बिहार के नालंदा में दीवाली और छठ पर्व के मौके पर पत्नी मायके से नहीं लौटी तो एक युवक ने आत्महत्या कर ली। घटना नालंदा थाना क्षेत्र के रंगीला बिगहा गांव में शनिवार देर शाम की है। 22 वर्षीय युवक की घटना के वक्त उसकी पत्नी से वीडियो कॉल पर बातचीत हो रही थी। पुलिस को युवक के मोबाइल से घटना से पहले बनाया गया एक वीडियो भी मिला है। पुलिस मामले में कानूनी कार्रवाई कर रही है।
मृतक की पहचान रंगीला बिगहा गांव निवासी राजेंद्र यादव के पुत्र विक्रम कुमार के रूप में हुई है। वह ई-रिक्शा चलाकर परिवार का भरण-पोषण करता था। करीब दो साल पहले उसकी शादी नवादा जिले के रजौली निवासी प्रीति कुमारी से हुई थी। दोनों का एक साल का बच्चा भी है। परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार, युवक अपनी पत्नी को दीपावली और छठ पर्व पर घर बुलाना चाहता था, लेकिन पत्नी ने दो महीने बाद ससुराल आने की बात कही थी। इसी बात को लेकर दोनों के बीच कुछ दिनों से विवाद चल रहा था।
मृतक के भाई विकास कुमार ने बताया कि प्रीति करीब 15 दिन पहले अपने मायके रजौली गई थी। विक्रम उसे दीपावली और छठ पर्व को लेकर लगातार घर लौटने के लिए कह रहा था। हालांकि, पत्नी ने दो महीने बाद ससुराल आने की बात कही थी। इसी बात को लेकर दोनों के बीच फोन पर अक्सर कहासुनी होती थी। विकास के अनुसार, घटना से कुछ देर पहले तक विक्रम सामान्य था और परिवार के लोगों से बातचीत कर रहा था। इसके बाद घर के सदस्य बाहर चले गए। इसी दौरान विक्रम कमरे में चला गया और पत्नी से वीडियो कॉल पर बात करने लगा।
परिजनों के अनुसार, वीडियो कॉल के दौरान पत्नी को अनहोनी की आशंका हुई। उसने गांव के कुछ लोगों को फोन कर इसकी जानकारी दी। सूचना मिलते ही ग्रामीण और परिजन विक्रम के कमरे की ओर दौड़े। दरवाजा बंद होने पर गेट तोड़कर अंदर पहुंचे और विक्रम को नीचे उतारा। इसके बाद उसे गंभीर हालत में पावापुरी स्थित वर्धमान आयुर्विज्ञान संस्थान ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। नालंदा थानाध्यक्ष प्रमोद कुमार ने बताया कि शुरुआती जांच में पति-पत्नी के बीच आपसी विवाद की बात सामने आई है। युवक की पत्नी मायके में थी और दोनों के बीच फोन पर बातचीत हुई थी। पुलिस ने युवक का मोबाइल जब्त किया है। उसमें घटना से पहले बनाया गया वीडियो भी मिला है।
