बिहार में फिर एक भ्रष्ट अफसर पर आर्थिक अपराध ईकाई (ईओयू) की टीम ने शिकंजा कसा है।
न्यूज11 भारत/बिहार डेस्क
साकेत कुमार/पटना: बिहार में फिर एक भ्रष्ट अफसर पर आर्थिक अपराध ईकाई (ईओयू) की टीम ने शिकंजा कसा है। इस कड़ी में EOU के निशाने पर शिक्षा विभाग की डीईओ हैं। जानकारी मिली है कि आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के मामले में आर्थिक अपराध इकाई की टीम ने मंगलवार सुबह सर्व शिक्षा अभियान की जिला कार्यक्रम पदाधिकारी रूबी कुमारी के ठिकानों पर छापेमारी शुरू की है। किशनगंज जिले में इओयू की इस कार्रवाई से शिक्षा विभाग और प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ईओयू की स्पेशल टीम मंगलवार की सुबह ही किशनगंज पहुंची थी। टीम ने सुबह करीब 7:00 बजे एक साथ डीपीओ के दो ठिकानों पर रेड मारी है। ईओयू की टीम रूईधासा स्थित सर्व शिक्षा अभियान के कार्यालय और लाइन मोहल्ला स्थित डीपीओ रूबी कुमारी के किराए के मकान में भी छापेमारी कर रही है। दोनों ही ठिकानों पर ईओयू के अधिकारी संपत्ति और वित्तीय लेन-देन से जुड़े दस्तावेजों की जांच-पड़ताल कर रहे हैं।
यह कार्रवाई ईओयू के पुलिस उपाधीक्षक स्तर के वरिष्ठ अधिकारी के नेतृत्व में जारी है। इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था को पुख्ता रखने और किसी भी तरह के व्यवधान को रोकने के लिए दोनों स्थानों (कार्यालय एवं किराए के आवास) के बाहर सदर थाना की पुलिस बल की तैनाती की गई है।
ईओयू को मिली गुप्त सूचना और प्राथमिक जांच में वित्तीय अनियमितताओं के सबूत मिले थे, जिसके बाद न्यायालय से सर्च वारंट हासिल कर यह कार्रवाई की गई है। फिलहाल कार्यालय और आवास के भीतर फाइलों, बैंक खातों, अचल संपत्ति के दस्तावेजों और लॉकर आदि की तलाशी ली जा रही है।
