वैशाली जिले के महुआ प्रखंड के समसपुरा पंचायत स्थित कुशहर खास गांव में अवैध देसी शराब के कारोबार को लेकर गंभीर आरोप सामने आए हैं।
न्यूज11 भारत/बिहार डेस्क
विक्की कुमार/वैशाली: बिहार में शराबबंदी के बावजूद वैशाली जिले के महुआ प्रखंड के समसपुरा पंचायत स्थित कुशहर खास गांव में अवैध देसी शराब के कारोबार को लेकर गंभीर आरोप सामने आए हैं। आरोप है कि इस गांव में दर्जनों शराब की भट्ठियां बड़े पैमाने पर संचालित की जा रही हैं। जब एक जमीन मालिक ने इसका विरोध किया, तो शराब कारोबारियों ने उनके साथ मारपीट की। मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
पीड़ित पक्ष का आरोप है कि मामला महुआ थाना क्षेत्र के समसपुरा पंचायत के वार्ड संख्या-9, कुशहर खास का है, जहां अवैध शराब बनाने की भट्ठियां चलाई जा रही हैं। जमीन मालिक का कहना है कि जब उन्होंने अपनी जमीन पर शराब की भट्ठियां चलाए जाने का विरोध किया, तो शराब कारोबारियों ने उनके साथ मारपीट की।
पीड़ित पक्ष ने यह भी दावा किया कि मारपीट की घटना की सूचना कई बार महुआ पुलिस को दी गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। स्थानीय स्तर पर इस कथित अवैध कारोबार को लेकर सवाल उठ रहे हैं।
मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। अब देखना होगा कि महुआ पुलिस इन आरोपों की जांच कर अवैध शराब के कारोबार और मारपीट की शिकायत पर क्या कार्रवाई करती है। सवाल सिर्फ शराबबंदी का नहीं, बल्कि शिकायत मिलने पर पुलिस की जवाबदेही का भी है।
