Voice of Eastern India

सऊदी के समंदर में थमीं बिहार के युवक की सांसें! ईरान के मिसाइल हमले में मर्चेंट नेवी इंजीनियर की मौत


न्यूज 11 भारत / बिहार डेस्क
नमो नारायण मिश्रा / गोपालगंज :
गोपालगंज के थावे प्रखंड से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। थावे के व्यवसायी एवं भाजपा लघु उद्योग प्रकोष्ठ के जिला संयोजक संजय गुप्ता के पुत्र रोहन कुमार उर्फ सोनू गुप्ता की विदेश में मौत हो गई है। परिजनों का दावा है कि ईरान के हमले के दौरान मिसाइल की चपेट में आने से उनकी जान गई। घटना की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया है, जबकि पूरे थावे क्षेत्र में शोक की लहर है।

मरीन इंजीनियर थे मृतक 

मृतक के छोटे भाई आलोक कुमार ने बताया कि मृतक रोहन कुमार उर्फ सोनू गुप्ता मर्चेंट नेवी में मरीन इंजीनियर के पद पर कार्यरत थे। परिजनों के अनुसार, वह एडीएनओसी से जुड़ी कंपनी में कार्य कर रहे थे और ड्यूटी के दौरान उनका जहाज सऊदी अरब के समुद्री क्षेत्र में मौजूद था। परिवार का कहना है कि पहले कंपनी की ओर से फोन कर बताया गया कि मिसाइल हमले में रोहन घायल हो गए हैं। करीब एक घंटे बाद दोबारा कॉल आया और उनकी मौत की सूचना दी गई।

परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

भाजपा जिला अध्यक्ष संदीप कुमार गिरी उर्फ मंटू गिरी ने कहा कि रोहन की मौत की खबर मिलते ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। घर में चीख-पुकार मची है और रिश्तेदारों व स्थानीय लोगों का तांता लगा हुआ है। पूरे थावे क्षेत्र में शोक का माहौल है और लोग परिवार को ढांढस बंधा रहे हैं। फिलहाल परिवार को पार्थिव शरीर के भारत लाए जाने का इंतजार है। घटना को लेकर स्थानीय लोगों और जनप्रतिनिधियों ने गहरा शोक व्यक्त किया है। हालांकि, हमले की परिस्थितियों और आधिकारिक कारणों को लेकर संबंधित एजेंसियों की ओर से पुष्टि का इंतजार है।



Source link

Leave A Reply

Your email address will not be published.