वैशाली के हाजीपुर में एक पति ने कथित तौर पर अपनी ही पत्नी के सिर में गोली मारकर उसकी हत्या कर दी।
न्यूज11 भारत/बिहार डेस्क
विक्की कुमार/वैशाली: वैशाली जिले के हाजीपुर में दीपावली की रात जब पूरा इलाका रोशनी और खुशियों में डूबा था, तभी औद्योगिक थाना क्षेत्र स्थित राजपूत कॉलोनी में गोलियों की आवाज ने दहशत फैला दी। एक पति ने कथित तौर पर अपनी ही पत्नी के सिर में गोली मारकर उसकी हत्या कर दी और वारदात को अंजाम देने के बाद मौके से फरार हो गया। जिस घर में दीपावली की खुशियां मनाई जानी थीं, वहां मातम पसर गया।
क्या है मामला
आरोपी पति राकेश चौहान ने अपनी पत्नी के सिर में गोली मार दी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग सहम गए और घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े। सूचना मिलते ही पुलिस भी तत्काल मौके पर पहुंची।
पुलिस की विशेष टीम गठित
घटना की गंभीरता को देखते हुए सदर एसडीपीओ सुबोध कुमार के नेतृत्व में पुलिस की एक विशेष टीम गठित की गई है, जो फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही है। पुलिस का दावा है कि आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
हत्या की वजह स्पष्ट नहीं
इस सनसनीखेज हत्या के पीछे की असली वजह अभी स्पष्ट नहीं हो पाई है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आखिर पति ने अपनी ही पत्नी की जान क्यों ली? क्या घरेलू विवाद इस खूनी वारदात की वजह बना या इसके पीछे कोई दूसरी कहानी है? इन सवालों का जवाब पुलिस जांच और आरोपी की गिरफ्तारी के बाद ही सामने आ सकेगा।
एसडीपीओ ने क्या कहा
इस संबंध में एसडीपीओ सदर हाजीपुर सुबोध कुमार ने बताया कि “घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। आरोपी फरार है, उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। जल्द ही आरोपी को पकड़ लिया जाएगा। मामले की हर बिंदु पर जांच की जा रही है।”
बेटी ने की न्याय की मांग
वहीं, मृतक की बेटी कृतिका राज ने रोते हुए बताया कि “मेरी मां के साथ यह कैसे हुआ, मुझे नहीं पता। मैं न्याय चाहती हूं। जिसने भी मेरी मां को मारा है, उसे कड़ी सजा मिलनी चाहिए।”
आगे की जांच जारी
फिलहाल हाजीपुर पुलिस की विशेष टीम आरोपी की तलाश में जुटी है और लगातार छापेमारी कर रही है। पुलिस जांच के बाद ही इस हत्याकांड की असली वजह सामने आ सकेगी।
