Voice of Eastern India

48 घंटे बाद भी फरार ASI चंद्रमोहन, गिरफ्तारी के लिए 12 टीमें गठित



बिहार के मधुबनी जिले के बलिराजगढ़ गोलीकांड में आरोपी एएसआई चंद्रमोहन सिंह अब तक पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं।

न्यूज11 भारत/बिहार डेस्क
रोहित/पटना:
बिहार के मधुबनी जिले के बलिराजगढ़ गोलीकांड में आरोपी एएसआई चंद्रमोहन सिंह अब तक पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं। घटना के 48 घंटे बीत जाने के बावजूद उसका कोई सुराग नहीं मिल पाया है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने पूरी ताकत झोंक दी है। एसएसपी योगेंद्र कुमार के मुताबिक, 12 विशेष टीमें गठित कर उसकी तलाश की जा रही है, जिनमें चार टीमें नेपाल में भी छापेमारी कर रही हैं।

ग्रामीणों पर सर्विस पिस्टल से की थी फायरिंग

पुलिस के अनुसार, घटना 2 नवंबर की रात करीब 11:53 बजे बलिराजगढ़ के धत्ता टोल में हुई थी। सूचना मिली थी कि ग्रामीणों ने एक पुलिस अधिकारी को घर में बंद कर रखा है। मौके पर पहुंची पुलिस को चार लोग गोली लगने से गंभीर रूप से घायल मिले।

प्राथमिकी में आरोप लगाया गया है कि बलिराजगढ़ उत्खनन स्थल की सुरक्षा में तैनात एएसआई चंद्रमोहन सिंह एक महिला के घर में घुस गए थे। इसके बाद ग्रामीणों ने उन्हें घर में बंद कर दिया। बाहर निकलने की कोशिश के दौरान रोके जाने पर उन्होंने अपनी सर्विस पिस्टल से चार राउंड गोलियां चला दीं।

गोलीबारी में एक की मौत, तीन गंभीर रूप से घायल

इस गोलीबारी में अशोक यादव (45) की मौत हो गई, जबकि विजेंद्र यादव उर्फ विजुन यादव (55), धनिकलाल यादव (60) और फूलो देवी (40) गंभीर रूप से घायल हो गए।

घायलों को पहले बाबूबरही सीएचसी में भर्ती कराया गया, जहां से बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल मधुबनी भेजा गया। गंभीर रूप से घायल विजेंद्र यादव को डीएमसीएच से आईजीआईएमएस पटना रेफर किया गया है। फूलो देवी का इलाज दरभंगा के निजी अस्पताल में चल रहा है, जबकि धनिकलाल यादव सदर अस्पताल मधुबनी में भर्ती हैं।

एसएसपी के अनुसार, विजेंद्र यादव और फूलो देवी की हालत में सुधार हो रहा है। पुलिस प्रशासन की ओर से घायलों के लिए रक्त की व्यवस्था भी कराई गई है।

दो प्राथमिकी दर्ज, सूचना देने वाले को 25 हजार का इनाम

मामले में आरोपी एएसआई के खिलाफ दो अलग-अलग प्राथमिकी दर्ज की गई हैं। पहली प्राथमिकी डायल 112 में तैनात एसआई राम मनोहर सिंह के आवेदन पर दर्ज हुई है। इसमें हत्या, फायरिंग और आर्म्स एक्ट के तहत आरोप लगाए गए हैं।

वहीं, दूसरी प्राथमिकी मृतक अशोक यादव की पत्नी अस्मिता देवी के आवेदन पर दर्ज की गई है। दोनों प्राथमिकी में हत्या का आरोप शामिल है।

एसएसपी योगेंद्र कुमार ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए सूचना देने वाले व्यक्ति को 25 हजार रुपये इनाम देने की घोषणा की है। उधर, डीएम आनंद शर्मा ने पूरे मामले की विस्तृत रिपोर्ट जिला जज को सौंप दी है।

फिलहाल पुलिस की 12 टीमें आरोपी की तलाश में जुटी हैं। चार टीमों के नेपाल में होने के बावजूद आरोपी का सुराग नहीं मिलना पुलिस के लिए बड़ी चुनौती बना हुआ है।





Source link

Leave A Reply

Your email address will not be published.