पटना के मनेर थाना क्षेत्र के शेरपुर गंगा घाट के पास मुठभेड़ में पुलिस ने तीन अपराधियों को मार गिराया है।
न्यूज11 भारत/बिहार डेस्क
साकेत कुमार/पटना: पटना में पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़ हुई है। मनेर थाना क्षेत्र के शेरपुर गंगा घाट के पास हुई इस मुठभेड़ में पुलिस ने तीन अपराधियों को मार गिराया है। मारे गए अपराधियों में पैक्स अध्यक्ष संजीत कुमार हत्याकांड का मुख्य आरोपी और उसके दो साथी शामिल बताए जा रहे हैं। वहीं, मुठभेड़ के दौरान मनेर थानाध्यक्ष रजनीश कुमार भी गोली लगने से घायल हो गए। उन्हें इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है। मुठभेड़ में मारे गए अपराधियों के नाम जेपी यादव, बबलू कुमार और राजा शर्मा बताया गया है।
गुप्त सूचना पर पहुंची थी पुलिस की टीम
जानकारी के मुताबिक, पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि पैक्स अध्यक्ष हत्याकांड में फरार चल रहे अपराधी अपने साथियों के साथ शेरपुर गंगा घाट के आसपास छिपे हुए हैं। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम ने उनकी गिरफ्तारी के लिए इलाके में छापेमारी शुरू की।
इसी दौरान पुलिस को देखते ही अपराधियों ने फायरिंग शुरू कर दी। अपराधियों की गोली मनेर थानाध्यक्ष रजनीश कुमार के हाथ में लगी, जिससे वह घायल हो गए। इसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की। दोनों ओर से हुई गोलीबारी में तीनों अपराधियों को गोली लगी और उनकी मौत हो गई।
पैक्स अध्यक्ष हत्याकांड में वांटेड थे तीनों अपराधी
बताया जा रहा है कि मुठभेड़ में मारे गए तीनों अपराधी पैक्स अध्यक्ष संजीत कुमार हत्याकांड में आरोपी थे। पुलिस को इनकी लंबे समय से तलाश थी। इनके खिलाफ दानापुर, मनेर और शाहपुर समेत कई थानों में आपराधिक मामले दर्ज होने की जानकारी सामने आई है।
एसएसपी कार्तिकेय के शर्मा के अनुसार, तीनों अपराधियों का पूर्व से आपराधिक इतिहास रहा है। हाल में मनेर में हुई एक आपराधिक वारदात में भी इनकी संलिप्तता सामने आई थी। तीनों संबंधित हत्याकांड में वांछित थे।
घटनास्थल पर पहुंची FSL की टीम, जुटाए जा रहे साक्ष्य
मुठभेड़ के बाद घटनास्थल पर पुलिस की गतिविधियां तेज हो गई हैं। एफएसएल की टीम मौके पर पहुंचकर वैज्ञानिक तरीके से साक्ष्य जुटा रही है। पुलिस अधिकारी घटनास्थल का निरीक्षण कर रहे हैं और मुठभेड़ से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
घटना के बाद इलाके में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। पुलिस फरार अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।
गौरतलब है कि पटना जिले में इससे पहले भी पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़ की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। फिलहाल मनेर मुठभेड़ को लेकर पुलिस की आगे की कार्रवाई जारी है।
