Voice of Eastern India

अब हेलीकॉप्टर से घूमिए बिहार, सीएम सम्राट ने किया उद्घाटन, जानिए कब से शुरू हुई नई सेवा


न्यूज 11 भारत / पटना डेस्क : पर्यटक अब हेलिकॉप्टर से बिहार में भ्रमण कर सकते हैं। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने आज “मुख्यमंत्री बिहार हेली-टूरिज्म एवं एयर टूरिज्म सेवा योजना 2026” की शुरुआत की। इसके तहत आज (13 जुलाई) से बुकिंग शुरू हो रही है। बिहार पर्यटन विभाग के ऑनलाइन पोर्टल www.tourism.bihar.gov.in पर इसकी बुकिंग लोग कर सकते हैं। हालांकि, 18 जुलाई से हेली टूरिज्म योजना की औपचारिक रूप से शुरूआत हो जाएगी।

3 प्रमुख पर्यटन स्थलों को जोड़ा गया

इस योजना के अंतर्गत वाल्मीकिनगर के लिए राजकीय वायुयान, वहीं कैमूर और राजगीर के लिए 6+2 सीटर श्रेणी के किराये के हेलीकॉप्टर का उपयोग किया जाएगा। हर फेरी में अधिकतम 5 सीटें पर्यटकों के लिए आरक्षित की जा सकेंगी।

पटना से उड़ान का समय

पटना-वाल्मीकिनगर-पटना सेवा प्रत्येक शनिवार और रविवार को संचालित होगी। वाल्मीकिनगर तक पर्यटक छोटे विमान से जा सकेंगे। इसमें 20 लोग बैठ सकेंगे। पहली उड़ान सुबह 10:00 बजे पटना से प्रस्थान करेगी और 11:00 बजे वाल्मीकिनगर से वापसी होगा। वहीं, दूसरी उड़ान दोपहर 3:00 बजे पटना से प्रस्थान करेगी और 4:30 बजे वाल्मीकिनगर से वापसी होगी। इसके एक तरफ का किराया 5 हजार रुपए प्रति व्यक्ति है। इस मार्ग पर प्रति सप्ताह 20-20 सीटों की क्षमता निर्धारित है।

राजगीर और मां मुंडेश्वरी के लिए उड़ान का समय

पटना-राजगीर-पटना और पटना-कैमूर-पटना हेलीकॉप्टर सेवा भी प्रत्येक शनिवार और रविवार को संचालित की जाएगी। राजगीर के लिए हेलीकॉप्टर सुबह 9:30 बजे पटना एयरपोर्ट से उड़ेगा और वापसी सुबह 10:30 बजे होगी। कैमूर के लिए सुबह 11 बजे सेवा शुरू होगी और वापसी 12:45 बजे होगी। राजगीर के लिए प्रति व्यक्ति 4 हजार और कैमूर का 6 हजार रुपये किराया होगा। प्रति व्यक्ति 4 से 5 किलो का सामान ले जा सकेंगे। इन दोनों मार्गों पर प्रति सप्ताह 10-10 सीटों की क्षमता निर्धारित है।

पटना में मिलेगा 10 मिनट का जॉय राइड

पटना के लोगों के लिए हेलीकॉप्टर से जॉय राइड की खास सुविधा शुरू की जाएगी। 2100 रुपए में 10 मिनट की हवाई यात्रा में पर्यटक गंगा नदी, जेपी गंगा पथ, तख्तश्री हरिमंदिर साहिब समेत शहर के सभी प्रमुख स्थलों को ऊपर से देख सकेंगे।

टूरिस्ट गाइड की सुविधा फ्री

पटना एयरपोर्ट के पास से इसका परिचालन किया जाएगा। यह सुविधा फिलहाल सप्ताह में 2 दिन शनिवार और रविवार को मिलेगी। विभाग केवल हवाई टिकट शुल्क लेगा। इसके अलावा टूरिस्ट गाइड की सुविधा फ्री में दी जाएगी। पर्यटन स्थलों पर ठहरने, खाने-पीने, घूमने आदि की व्यवस्था स्वयं करनी होगी। सभी टिकटों की बुकिंग बिहार पर्यटन और बिहार राज्य पर्यटन विकास निगम के ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से की जाएगी।



Source link

Leave A Reply

Your email address will not be published.