Voice of Eastern India

बाढ़ में सनसनी! सड़क किनारे देसी कट्टा के साथ युवक का खून से लथपथ शव बरामद  


न्यूज 11 भारत / पटना डेस्क 
विकाश कुमार / बाढ़ :
पटना जिले के बाढ़ अनुमंडल अंतर्गत बाढ़ थाना क्षेत्र के सिकंदरपुर गांव में गुरुवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब सड़क किनारे एक स्कूल के पास एक युवक का शव बरामद हुआ। शव के पास एक देसी कट्टा भी पड़ा मिला, जिससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए और इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं।

स्थानीय लोगों के अनुसार, सुबह जब ग्रामीण अपने-अपने काम से बाहर निकले तो सड़क किनारे युवक का शव पड़ा देखा। शव के सिर से खून निकला हुआ था और सिर में गोली लगने के निशान दिखाई दे रहे थे। वहीं, शव के ठीक पास एक देसी कट्टा भी पड़ा मिला, जिससे मामला और भी रहस्यमय हो गया।

सूचना मिलते ही बाढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे इलाके को घेरकर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं तथा शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

स्थानीय चंदन कुमार ने बताया कि मृतक की पहचान सुजीत यादव के रूप में हुई है। वह मूल रूप से बाढ़ थाना क्षेत्र के हासनचक गांव का रहने वाला था, जबकि लंबे समय से बुढ़ऊदिनचक में रह रहा था। ग्रामीणों के अनुसार, सुजीत पिछले कुछ दिनों से मानसिक तनाव (डिप्रेशन) में चल रहा था। हालांकि, पुलिस अभी इस दावे की भी जांच कर रही है।

फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि युवक ने खुद को गोली मारी है या फिर उसकी हत्या कर शव को सड़क किनारे फेंका गया है। शव के पास देसी कट्टा मिलने से दोनों ही संभावनाओं पर पुलिस गंभीरता से जांच कर रही है।

पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और घटनास्थल के हर पहलू की बारीकी से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के बाद ही मौत की असली वजह सामने आ सकेगी।

घटना के बाद सिकंदरपुर और आसपास के इलाकों में दहशत का माहौल है। बाढ़ थानाध्यक्ष ब्रजकिशोर सिंह ने बताया कि सभी बिंदुओं पर जांच जारी है और जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।



Source link

Leave A Reply

Your email address will not be published.